-शिक्षक संवर्ग की पांच प्रमुख मांगों पर कार्रवाई की मांग
अनोखा तीर, हरदा। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा, मध्यप्रदेश जिला हरदा के प्रतिनिधियों ने शिक्षक संवर्ग की वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर मुख्यमंत्री एवं जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में शिक्षकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं का शीघ्र निराकरण किए जाने की मांग की गई है। ज्ञापन के अनुसार मोर्चा ने मांग की है कि वर्तमान में सेवारत शिक्षकों को टीडीटी शिक्षक पात्रता परीक्षा से मुक्त रखा जाए। साथ ही अध्यापक शिक्षक संवर्ग की सेवा अवधि की गणना उनकी प्रथम नियुक्ति दिनांक से करते हुए पेंशन, ग्रेच्युटी एवं अवकाशों के नगदीकरण का लाभ प्रदान किया जाए। इसके अलावा शिक्षकों के लिए अव्यवहारिक ई-अटेंडेंस व्यवस्था बंद करने, सितंबर 2022 की हड़ताल अवधि का वेतन भुगतान करने तथा लंबित क्रमोन्नति एवं समयमान वेतनमान के आदेश जारी करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा ने शासन एवं प्रशासन से इन मांगों पर गंभीरता से विचार करते हुए शीघ्र निराकरण की मांग की है। ज्ञापन पर जिले के विभिन्न शिक्षक पदाधिकारियों एवं शिक्षकों के हस्ताक्षर भी किए गए हैं।




