पीएम विश्वकर्मा योजना के 3 वर्ष पूर्ण होने पर जागरूकता कार्यक्रम संपन्न

अनोखा तीर, हरदा। एमएसएमई मंत्रालय भारत सरकार के एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर एवं जिला प्रशासन हरदा के संयुक्त तत्वावधान में पीएम विश्वकर्मा योजना के तीन वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बुधवार को ब्रांडिंग एवं मार्केटिंग विषय पर एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज हरदा में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कलेक्टर सिद्धार्थ जैन उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने पीएम विश्वकर्मा योजना के 3 वर्ष पूर्ण होने पर सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं दीं और योजना का लाभ लेकर उद्यमिता को बढ़ावा देने, मार्केटिंग और ब्रांडिंग के महत्व पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम में एमएसएमई विकास कार्यालय इंदौर से सहायक निदेशक गौरव गोयल एवं जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र हरदा से महाप्रबंधक नेहा चौहान, भारतीय डाक विभाग से अरविंद जोशी, शासकीय आईटीआई रतलाम से उदय प्रताप सिंह, एनएसडीसी से धर्मेंद्र, इंडिया पोस्ट पेमेंट बैंक से चंद्रकांत अपनी टीम के साथ एवं शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की प्राचार्य अभिरुचि सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पीएम विश्वकर्मा योजना में पंजीकृत 135 से अधिक हितग्राहियों ने भाग लिया। अधिकारियों द्वारा हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं, उद्यमिता विकास, वित्तीय सहायता, ई-कॉमर्स, कौशल विकास, लोन प्रक्रिया और विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) एवं एक्सपोर्ट के विषय पर महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान भारतीय डाक विभाग द्वारा हितग्राहियों के नि:शुल्क बचत खाते खोले गए एवं उन्हें क्यूआर कोड भी उपलब्ध कराए गए।

0 Views

Leave a Reply