-17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान : सांसद आलोक शर्मा
अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकसेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा देशभर में सेवा संकल्प अभियान चलाया जाएगा। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित होगा। अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण की यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही नागरिकों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। हरदा में आयोजित पत्रकारवार्ता में अभियान की जानकारी देते हुए सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जनसेवा की यात्रा प्रारंभ की थी। इसके बाद 26 मई 2014 से वे लगातार देश के प्रधानमंत्री के रूप में सेवा कर रहे हैं। आगामी 7 अक्टूबर 2026 को उनकी लोकसेवा के 25 वर्ष पूर्ण हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार 25 वर्षों तक जनता का विश्वास और आशीर्वाद प्राप्त करना भारतीय लोकतंत्र की महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सांसद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीब कल्याण और जनहित की योजनाओं के माध्यम से देश में व्यापक बदलाव आया है। प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छता अभियान, मुफ्त राशन, स्वास्थ्य सुविधाओं और कोविड महामारी के दौरान मुफ्त टीकाकरण जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि आज भारत दुनिया की प्रमुख और तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है तथा वैश्विक स्तर पर देश का सम्मान और प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिला नेतृत्व वाले विकास पर भी विशेष जोर दिया है। नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से गरीबों, महिलाओं, किसानों, युवाओं और वंचित वर्गों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आया है।
विभिन्न कार्यक्रम होंगे आयोजित
सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रदेशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान रक्तदान शिविर सहित विभिन्न सेवा कार्य होंगे। इसी दिन शाम 7 बजे ‘आशीर्वाद का दीयाÓ कार्यक्रम के अंतर्गत प्रदेश के सभी बूथों पर लाभार्थी परिवारों के घर जाकर दीप प्रज्वलित किए जाएंगे। यह दीपक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 25 वर्षों की सेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के संकल्प का प्रतीक होगा।
2 अक्टूबर को व्यापक स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा, जिसमें भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। ‘मेरे सपनों का भारतÓ कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूलों में विकसित भारत की कल्पना, प्रधानमंत्री के सेवा कार्यों और देश के भविष्य को लेकर चित्रकला, ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी।
‘नमो सेवा, अनकही कहानियांÓ कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री की 25 वर्षों की सेवा और जनकल्याणकारी योजनाओं से बदले लोगों के जीवन की वास्तविक कहानियों को नुक्कड़ नाटक एवं संगीतमय प्रस्तुतियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। वहीं 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘आंगन मिलन सेवाÓ कार्यक्रम के तहत आंगनवाड़ी केंद्रों पर माताओं एवं बच्चों को पोषण, स्वास्थ्य और महिला कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया जाएगा। प्रदेश के सभी शक्ति केंद्रों में ‘सेवा की कहानीÓ अभियान चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक कहानियों को सामने लाया जाएगा। प्रत्येक शक्ति केंद्र से कम से कम 10 प्रेरक कहानियों की रील तैयार की जाएगी।
हरदा से होकर गुजरेगी सेवा यात्रा
सांसद शर्मा ने बताया कि 7 अक्टूबर को ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा—विकसित भारत का संकल्पÓ आयोजित होगी। इसमें पदयात्रा, साइकिल एवं बाइक रैली के माध्यम से कार्यकर्ता और आम नागरिक शामिल होंगे। यात्रा के समापन पर विकसित भारत-2047 के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया जाएगा।
‘वडनगर-वाराणसी सेवा यात्राÓ के अंतर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कर्मभूमि वडनगर से काशी तक विशेष सेवा यात्राएं निकाली जाएंगी। वडनगर के हाटकेश्वर महादेव से जल लेकर काशी विश्वनाथ में जलाभिषेक किया जाएगा। देशभर में प्रस्तावित 20 यात्राओं में से 13 यात्राएं मध्यप्रदेश से होकर गुजरेंगी। इनमें से एक यात्रा 20 सितंबर को झाबुआ जिले में प्रवेश करेगी और धार, इंदौर एवं देवास होते हुए 23 सितंबर को हरदा पहुंचेगी। इसके बाद यह यात्रा छिंदवाड़ा, शहडोल और अनूपपुर होते हुए आगे जाएगी।
‘सेवा मेरा योगदानÓ अभियान के अंतर्गत प्रत्येक नागरिक अपनी क्षमता के अनुसार सेवा कार्यों में योगदान दे सकेगा। अभियान में 25 प्रकार की सेवा गतिविधियां होंगी। प्रत्येक व्यक्ति कम से कम 25 मिनट श्रमदान कर अभियान का सहभागी बन सकता है। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्रों में राज्य सरकार के सहयोग से ‘सेवा सेतुÓ शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहायता, स्वास्थ्य शिविर और विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ‘सेवा के रंग—राष्ट्र के संगÓ कार्यक्रम के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों पर मानव रंगोली बनाकर जनकल्याणकारी योजनाओं, राष्ट्रीय प्रतीकों और विकसित भारत का संदेश दिया जाएगा। अभियान के समापन अवसर पर 17 अक्टूबर को ‘सुशासन, सेवा, संवादÓ का राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा कार्यक्रम आयोजित होगा, जिसमें देशभर के जनप्रतिनिधियों और समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता होगी।
पत्रकारवार्ता में भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सिंह वर्मा, प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ संयोजक डॉ. विशाल बघेल, प्रदेश खेल प्रकोष्ठ के सह-संयोजक भूपेंद्र सिंह तोमर, पूर्व जिलाध्यक्ष अमर सिंह मीणा, जिला महामंत्री बसंत सिंह राजपूत, मनीष निषोद, दीपक नेमा तथा जिला सोशल मीडिया संयोजक आशुतोष गोस्वामी उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के 25 वर्ष के सेवाकाल को जनभागीदारी उत्सव के रूप में मनाएगी भाजपा

0 Views




