अनोखा तीर, हरदा। गणेश उत्सव के उल्लास के बीच रविवार शाम खेड़ीपुरा स्थित गुरव मोहल्ले में गुरव मोहल्ले के महाराजा श्री गणपति बप्पा का भव्य आगमन हुआ। महाकाल गणेश उत्सव समिति, हरदा द्वारा आयोजित आगमन समारोह में 10 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। भगवान श्री गणेश की भव्य शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग में भक्तिमय माहौल बना रहा। शाम 6.30 बजे खेड़ीपुरा गुरव मोहल्ले से शुरू हुई शोभायात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुन: गुरव मोहल्ले पहुंची। शोभायात्रा में आकर्षक ब्रास बैंड, शानदार लाइटिंग, डीजे साउंड, भव्य आतिशबाजी सहित विभिन्न कार्यक्रमों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। तात्या बिच्छू का पपेट शो और गोरिल्ला डांस भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। 10 फीट ऊंची भव्य गणपति प्रतिमा के दर्शन के लिए रास्तेभर श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। भक्तों ने जयकारों के साथ गणपति बप्पा का स्वागत किया। शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिला। महाकाल गणेश उत्सव समिति के हरिओम काले ने बताया कि गुरव मोहल्ले के महाराजा के आगमन को लेकर समिति द्वारा विशेष तैयारियां की गई थीं। आयोजन को भव्य और आकर्षक बनाने के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गईं, जिन्हें श्रद्धालुओं का उत्साहपूर्ण प्रतिसाद मिला। भव्य आगमन के साथ ही गुरव मोहल्ले में गणेश उत्सव का उल्लास और बढ़ गया है।
गुरव मोहल्ले के महाराजा का भव्य आगमन, शोभायात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

0 Views




