प्रधानमंत्री ने वैश्विक स्तर पर बढ़ाया भारत का मान : मुख्यमंत्री
सेवा, सुशासन और जनभागीदारी के संकल्प के साथ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभिय
अनोखा तीर, भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक प्रदेश भर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। एक माह तक चलने वाले इस अभियान को लेकर भाजपा प्रदेश कार्यालय में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल द्वारा संयुक्त पत्रकार वार्ता ली गई। इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के लिए समर्पित हैं। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की इस सेवा यात्रा से जन-जन को परिचित कराने और सेवा के संस्कार को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने के उद्देश्य से प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियानÓ चलाया जा रहा है। यह केवल कार्यक्रमों की श्रृंखला नहीं, बल्कि सेवा, संस्कार, सुशासन और जनभागीदारी का व्यापक अभियान है। प्रधानमंत्री के सेवा-संकल्प से प्रेरणा लेकर विकसित और आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश के निर्माण को नई गति देने का प्रयास किया जा रहा है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा व समपर्ण के 25 वर्ष की विकास गाथा जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेश में 12 अलग-अलग कार्यक्रमों के जरिए 71 हजार से अधिक बूथों के लाभार्थियों तक पहुंचा जाएगा। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाएगा। 17 सितंबर को शाम सात बजे प्रदेश के 71 हजार से अधिक बूथों के हर लाभार्थियों के घरों में आशीर्वाद का दीया प्रज्वलित किया जाएगा। वहीं 7 अक्टूबर को प्रधानमंत्री के मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के रूप में लगातार 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। 25 वर्षों तक लगातार जनता का आशीर्वाद पाना लोकतांत्रिक इतिहास का स्वर्णिम अध्याय है। प्रधानमंत्री के लिए सेवा केवल संकल्प नहीं, जीवन का ध्येय है और यही भाव इस अभियान की आत्मा बनेगा। जनसेवा और समर्पण के इस ऐतिहासिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के लिए ही अभियान चलाया जा रहा है। पत्रकार वार्ता दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कहा कि गुजरात के वड़नगर के एक साधारण परिवार में जन्मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बचपन से अभाव, परिश्रम और सामान्य जनजीवन को करीब से देखा है। यही कारण है कि समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदना उनके व्यक्तित्व का स्वाभाविक हिस्सा बनी। प्रधानमंत्री को माताजी से मिले सादगी, श्रम, अनुशासन और ईमानदारी के संस्कारों ने उनके व्यक्तित्व को मजबूत किया। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संपर्क ने उनके भीतर सेवा, अनुशासन, राष्ट्रप्रथम और समाज के बीच रहकर काम करने की भावना को संगठित दिशा दी। प्रचारक जीवन में उन्होंने गांव-गांव, प्रदेश-प्रदेश प्रवास किया। उन्होंने समाज के अलग-अलग वर्गों की पीड़ा, अपेक्षा और शक्ति के साथ समाज की विविधता, समस्याओं और उसकी शक्ति को समझने का अवसर दिया। यही अनुभव आगे चलकर उनके नेतृत्व की बड़ी ताकत बना है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व पटल पर आत्मविश्वास और गौरव के साथ आगे बढ़ रहा है। वैश्विक परिस्थितियां कितनी भी चुनौतीपूर्ण क्यों न हों, भारत आज अपने हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए स्वतंत्र निर्णय लेने में सक्षम हुआ है। वैश्विक स्तर पर उथल-पुथल और युद्ध जैसी परिस्थितियों के बावजूद भारत की आर्थिक विकास दर 7.8 प्रतिशत है, यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कुशल नेतृत्व और मजबूत आर्थिक नीतियों का परिणाम है। 40 से अधिक देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौतों की दिशा में आगे बढ़ते हुए भारत ने वैश्विक व्यापार में अपनी स्थिति को मजबूत किया है। डिजिटल भुगतान और डिजिटल करेंसी के क्षेत्र में भारत ने उल्लेखनीय प्रगति की है। प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में भारत की डिजिटल व्यवस्था को दुनिया में व्यापक स्वीकार्यता मिली है। विभिन्न देशों के साथ भारतीय मुद्रा में व्यापार की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अनुच्छेद 370 को समाप्त करने से लेकर जीएसटी लागू करने तक अनेक ऐतिहासिक निर्णय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यकाल में हुए हैं। प्रधानमंत्री ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर देश के महापुरुषों और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों का सम्मान किया है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अधोसंरचना, उद्योग, निवेश, रोजगार, ऊर्जा, कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और सांस्कृतिक विकास के साथ मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर राज्य बनाना है। पत्रकार वार्ता का संचालन भाजपा के प्रदेश महामंत्री व सेवा संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक राहुल कोठारी द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विशाल बत्रा मंचासीन रहे।





