धारदार हथियार से हत्या का खुलासा, 3 आरोपी गिरफ्तार

-सोने की गिन्नी खरीदने के चक्कर में गई थी जान

अनोखा तीर, हरदा। धारदार हथियार से व्यक्ति की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा किया है। मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। दरअसल, 25 अगस्त सुबह गांव कोलवा में परमानंद जाट (48) का शव नाले में उल्टा पड़ा मिला था। शरीर पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। परिजनों ने बताया कि परमानंद सोमवार रात करीब 8 बजे घर से दो लाख रुपए नकद और बाइक लेकर निकला था। वह घर नहीं लौटा। उसकी बाइक गांव के पास एक खाल के पास खड़ी मिली। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
सोने की गिन्नियां देने का दिया लालच
एसपी शशांक ने बताया कि आरोपी कमल अहिरवार निवासी कोलवा ने मृतक परमानंद जाट को सोने की गिन्नियां खरीदने का लालच दिया था। कमल के कहने पर परमानंद दो लाख रुपए लेकर निकला। रात के अंधेरे में सुनसान खेत में उसे आरोपी हरिओम और उसका साला अक्षय मिले। आरोपियों ने परमानंद से रुपए ले लिए और गिन्नियां देने की बात कही। जब परमानंद को पता चला कि उनके पास कोई गिन्नियां नहीं हैं, तो उसने रुपए वापस मांगे। इस पर तीनों ने धारदार हथियारों से हमला कर हत्या कर दी। शव को घसीटकर खेत के पास के नाले में फेंक दिया और फरार हो गए। पुलिस ने एक आरोपी को उसी रात गिरफ्तार कर लिया था, जबकि अन्य दो को रहटगांव से पकड़ा गया। बताया जा रहा है कि आरोपी अक्षय पारदी रहटगांव में मूंग चोरी के मामले में जेल में बंद था, दो दिन पहले ही जमानत पर छूटा था।

0 Views

Leave a Reply