ईद मिलादुन्नवी पर निकला जुलूस, गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल

अनोखा तीर, हरदा। पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को ईद मिलादुन्नबी का जुलूस निकाला गया। जुलूस के दौरान आपसी सद्भाव, भाईचारे और देश प्रेम की मिसाल देखने को मिली। मुस्लिम समाज के जुलूस का हिंदू समुदाय ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया।जुलूस में शामिल लोगों का जगह-जगह हिंदू समुदाय के सदस्यों ने फूल बरसाकर स्वागत किया। मुस्लिम समाज ने भी आभार जताया। जुलूस जामा मस्जिद से शुरू होकर घंटाघर, खेड़ीपुरा, अन्नापुरा मस्जिद, प्रताप टॉकीज, सत्यनारायण मंदिर चौक और पोस्ट ऑफिस चौराहे से होते हुए नई सब्जी मंडी पहुंचा। हजारों लोग शामिल हुए।
रंग-बिरंगी पगड़ियों और झंडों से सजा जुलूस
लोग अलग-अलग रंगों की पगड़ियां पहने, हाथों में इस्लामिक झंडे लिए चल रहे थे। बड़ी संख्या में बच्चों ने भी हिस्सा लिया। नारा-ए-तकबीर और नारा-ए-रिसालत के नारे गूंजते रहे। एक स्थान से जुलूस के गुजरने में एक घंटे से अधिक समय लगा। समापन के बाद मदरसे में परचम-ए-इस्लाम फहराया गया और अमन-शांति के लिए दुआ मांगी गई। इस्लामिक मान्यता के अनुसार पैगंबर साहब का जन्म रबीउल अव्वल की 12 तारीख को हुआ था, इसे ईद मिलादुन्नबी के रूप में मनाया जाता है।

0 Views

Leave a Reply