-स्मार्ट मीटर की भ्रांतियां दूर पत्रकार वार्ता में प्रश्नों के दिए जवाब
अनोखा तीर, हरदा। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को नए टैरिफ आर्डर के अनुसार अब खपत के आधार पर दिन के टैरिफ में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक उपयोग की गई बिजली पर 20 प्रतिशत की छूट मिल रही है। मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक पवार ने बताया कि हरदा जिले में अब तक 28 हजार 273 स्मार्ट मीटर स्थापित किए जा चुके हैं। स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं को टाइम ऑफ डे (टीओडी) टैरिफ के तहत दी जा रही छूट का लाभ भी लगातार बढ़ रहा है। फरवरी से जुलाई 2026 तक छह माह में हरदा के कुल 21 हजार 663 उपभोक्ताओं को 80 लाख 36 हजार रुपये की टीओडी छूट का लाभ मिला है। माहवार आंकड़ों के अनुसार फरवरी में 8 हजार 324 उपभोक्ताओं को 4 लाख 10 हजार रुपये, मार्च में 11 हजार 202 उपभोक्ताओं को 6 लाख 6 हजार रुपये, अप्रैल में 14 हजार 295 उपभोक्ताओं को 8 लाख 8 हजार रुपये, मई में 17 हजार 936 उपभोक्ताओं को 16 लाख 72 हजार रुपये, जून में 19 हजार 459 उपभोक्ताओं को 22 लाख 84 हजार रुपये तथा जुलाई में 21 हजार 663 उपभोक्ताओं को 22 लाख 56 हजार रुपये की छूट प्रदान की गई। यह बात मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के उप मुख्य महाप्रबंधक (स्मार्ट मीटरिंग सेल) सी.के. पवार ने स्मार्ट मीटर से होने वाले लाभ तथा कंपनी द्वारा उपभोक्ता हित में चलाई जा रही शासन एवं कंपनी की योजनाओं जैसे ग्रामीण क्षेत्र में 5 रुपये में नवीन कनेक्शन, संपर्क अभियान 2026, सोलर रूफटॉप आदि को आम लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जिला पंचायत सभागार हरदा में आयोजित मीडिया कार्यशाला में कही। अपर कलेक्टर हरदा पुरूषोत्तम कुमार ने मीडिया से आग्रह किया कि वे भारत सरकार की योजना रिवेम्प्ड डिस्ट्रीब्यूशन सेक्टर स्कीम (आरडीएसएस) के अंतर्गत लगाये जा रहे स्मार्ट मीटर की उपयोगिता को आम जनता तक पहुंचाएं और बिजली कंपनी की सेवाओं और जन हितैषी योजनाओं को हितग्राहियों तक पहुंचाने में सहयोग करें। उन्होंने आव्हान किया कि हरदा जिले में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजली कंपनी कृत-संकल्पित है। मीडिया वर्कशॉप में प्रमुख रूप से अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, महाप्रबंधक हरदा वृत्त सुरेश कुमार, उप महाप्रबंधक हरदा उत्तर संभाग संजय यादव, उप महाप्रबंधक हरदा दक्षिण संभाग कमलकांत सिंह, वरिष्ठ जनसंपर्क अधिकारी मनोज द्विवेदी एवं जिला जनसंपर्क अधिकारी हरदा सुरेन्द्र तिवारी सहित मीडियाकर्मी उपस्थित थे। कार्यशाला में आभार प्रदर्शन प्रबंधक (मानव संसाधन) प्रियेता दास द्वारा किया गया।
परिसर में रीडिंग लेने आने की आवश्यकता नहीं
उप मुख्य महाप्रबंधक सी.के. पवार ने बताया कि शहर के लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर जो भ्रांतियां हैं, उन्हें दूर करना जरूरी है। उन्होंने बताया कि विद्युत स्मार्ट मीटर लगने के बाद परिसर में रीडिंग लेने आने की जरूरत नहीं होती है, ऑटोमेटिक सटीक रीडिंग होती है। मानवीय हस्तक्षेप नहीं होने से गड़बड़ी की कोई गुंजाइश नहीं होती है। उपभोक्ता अपनी प्रतिदिन की विद्युत खपत स्मार्ट मीटर के माध्यम से देख सकता है। दैनिक के साथ साप्ताहिक अथवा मासिक खपत आसानी से देखी जा सकती है और बिजली की कितनी खपत हो रही है, अगले महीने उसका कितना बिल आ सकता है, उसका पूर्वानुमान भी आसानी से लगाया जा सकता है। उन्होंने बताया कि कंपनी द्वारा स्मार्ट मीटरिंग पहल के अंतर्गत उपभोक्ताओं को सोलर ऑवर में बिजली उपयोग करने पर विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दिन के टैरिफ में स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यह सभी छूट अथवा प्रोत्साहन की गणना सरकारी सब्सिडी (यदि कोई हो) को छोड़कर की जा रही है। घरेलू, गैर घरेलू, सार्वजनिक जल कार्य, स्ट्रीट लाइट एवं निम्नदाब औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक की अवधि को सोलर ऑवर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उपभोग की गई ऊर्जा पर ऊर्जा प्रभार की सामान्य दर में 20 प्रतिशत तक की छूट 10 किलोवाट तक स्वीकृत लोड/अनुबंध मांग वाले उपभोक्ताओं को प्रदान की जा रही है।





