अनोखा तीर, हरदा। मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान पोस्ट मैट्रिक अनुसूचित जाति बालक छात्रावास के कुछ छात्र शिकायत लेकर पहुंचे। छात्रों ने छात्रावास अधीक्षक और वाटरमैन को हटाने की मांग को लेकर विभाग के जिला संयोजक को आवेदन दिया। छात्रों ने बताया कि वर्तमान अधीक्षक माखन झिंझोरे के साथ उनका संचार और व्यावहारिक तालमेल नहीं बन पा रहा है, जिससे मेस संचालन और अन्य गतिविधियों में परेशानी हो रही है। पिछले सत्र में भी प्रभार के दौरान इसी तरह की समस्याएं सामने आई थीं। छात्रों ने किसी अन्य व्यक्ति को प्रभार देने की मांग की। साथ ही वाटरमैन के गले में दिक्कत होने से बात समझ नहीं आने की शिकायत करते हुए उन्हें हटाने की मांग की। छात्रों का कहना है कि 24 अगस्त को भी जिला अधिकारी से शिकायत की गई थी, पर कार्रवाई नहीं हुई। अधीक्षक माखन झिंझोरे ने कहा कि कुछ सीनियर छात्र करीब दस साल से छात्रावास में रह रहे हैं, जबकि शासन के नियमानुसार मास्टर डिग्री पूरी करने वालों को पात्रता नहीं है। विभाग के जिला संयोजक प्रमोद माथुर ने बताया कि आवेदन की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
पोस्ट मैट्रिक एससी छात्रावास के छात्रों ने की अधीक्षक को हटाने की मांग

0 Views

