
अनोखा तीर, हरदा। हरदा के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम कोलवा में बीती रात 48 वर्षीय परमानंद जाट की हत्या कर दी गई। उनका शव गांव के बाहर खेत किनारे स्थित नाले में मिला। परमानंद घर से करीब दो लाख रुपए लेकर निकले थे और देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों के अनुसार, देर रात तक घर नहीं लौटने पर उनकी तलाश शुरू की गई। गांव के बाहर नाले के किनारे उनकी बाइक खड़ी मिली। सूचना पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की। सुबह परिजन और पुलिस के पहुंचने पर नाले में शव मिला। एसडीओपी शालिनी परस्ते ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला हत्या का है। डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। शव की स्थिति को देखते हुए गले, पैर और पीठ पर धारदार हथियार से हमला करने की आशंका है। आशंका है कि खेत में हत्या के बाद शव को खींचकर नाले में फेंका गया। पुलिस रुपयों के लेनदेन के एंगल पर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि मृतक का गांव के ही एक व्यक्ति से रुपयों का लेनदेन था और वह पुरानी वस्तुओं की खरीद-बिक्री भी करते थे। परमानंद जाट दूध का व्यवसाय करते थे। उनके परिवार में एक बेटा और एक बेटी हैं। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।



