मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष बने हरदा के राजीव बाहेती

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश में नए उद्योगों, स्टार्टअप्स और व्यावसायिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के क्षेत्र में कार्य करने वाली प्रमुख संस्था मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के प्रदेशाध्यक्ष हिमांशु खरे ने हरदा के राजीव बाहेती को प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया है। हरदा शहर के मूल निवासी श्री बाहेती इन दिनों मुंबई में निवासरत है। वह मुंबई सहित अन्य राज्यों के उद्योगपतियों से निरंतर संपर्क में बने रहते हैं। ऐसी स्थिति में मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स के उपाध्यक्ष पद पर उनके मनोनीत होने से हरदा जिले को औद्योगिक क्षेत्र में प्राथमिकता मिलने की संभावना नजर आती है। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश का हरदा जिला जहां कृषि उत्पादन में प्रदेश और देश में अपनी अलग पहचान कायम किए हैं, वहीं यहां की वन उपज भी एशिया की श्रेष्ठ श्रेणी में मानी जाती है। कृषि एवं वन उपज आधारित उद्योग की स्थापना के लिए हरदा जिला पूरी तरह उपयुक्त है। परिवहन सुविधाओं से लेकर नर्मदा नदी का तटवर्ती जिला होने के कारण पानी की भी कोई कमी नहीं रहती है। कच्चा माल प्रयाप्त मात्रा में उपलब्ध होने के साथ ही जलवायु और भौगोलिक स्थिति से भी यह जिला औद्योगिक इकाइयों के लिए सर्वश्रेष्ठ है। किन्तु सरकार की अनदेखी तथा स्थानीय नेतृत्वकर्ताओं की बेरुखी के चलते यह जिला आज तक बड़े उद्योग से वंचित बना रहा है। चूंकि राजीव बाहेती के औद्योगिक क्षेत्र में सक्रिय पहल करने वाली संस्था मध्यप्रदेश चेंबर ऑफ कॉमर्स का उपाध्यक्ष बनने से हरदा को एक बार फिर उम्मीद जागृत हुई है। दैनिक अनोखा तीर उन्हें इस महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर मंगलकामनाएं प्रेषित करते हुए अपेक्षा करता है कि वह हरदा जिले को औद्योगिक विकास की दिशा में उद्योगपतियों के बीच स्थापित करने की पहल करें। जिससे जिले में औद्योगिक विकास के द्वार खुल सकें।

2 Views

Leave a Reply