-हरदा के 16 बालक दिखाएंगे अपनी खेल प्रतिभा
अनोखा तीर, हरदा। शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित शालेय क्रीड़ा हॉकी प्रतियोगिता के अंतर्गत सिवनी जिले में 23 अगस्त से 28 अगस्त तक राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता के लिए हरदा जिले के सनराइज इंग्लिश मीडियम स्कूल के 16 बालक खिलाड़ियों का चयन हुआ है। हरदा जिले के लिए यह गौरव का विषय है कि पहली बार बालक वर्ग में जिले के 16 खिलाड़ी एक साथ टीम का हिस्सा बनकर राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरदा का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ी प्रतियोगिता में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। टीम के साथ दल मैनेजर इमरान खान एवं हॉकी कोच संदीप सौदे सिवनी के लिए रवाना हुए। टीम के रवाना होने के अवसर पर जिले के अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन, खेल प्रशिक्षकों, वरिष्ठ खिलाड़ियों एवं अभिभावकों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि पर जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, जिला खेल अधिकारी विकास खराड़कर, जिला क्रीड़ा अधिकारी रामनिवास जाट, ब्लॉक समन्वयक सलमा खान, व्यायाम शिक्षक राजेश बिलिया, सनराइज स्कूल डायरेक्टर अनिल दुबे, प्राचार्य ज्योति दुबे, फुटबॉल के वरिष्ठ खिलाड़ी सुनील वर्मा सहित खिलाड़ियों के अभिभावकों ने टीम को शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल प्रदर्शन की कामना की।




