-अभिभावक अपने बच्चों के 31 अगस्त तक करा सकेंगे पंजीयन,
अनोखा तीर, हरदा। जाम्भाणी साहित्य अकादमी बीकानेर के तत्वावधान में जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा-2026 का आयोजन 18 अक्टूबर को किया जा रहा है। परीक्षा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक अभ्यर्थी 31 अगस्त तक अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। परीक्षा में विश्नोई समाज के साथ-साथ अन्य समाजों के इच्छुक अभ्यर्थी भी भाग ले सकते हैं। परीक्षा तीन वर्गों में आयोजित होगी। वर्ग ए में कक्षा 5 से 8 तक अध्ययनरत विद्यार्थी, वर्ग बी में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी तथा वर्ग-सी में 12वीं उत्तीर्ण, स्नातक व स्नातकोत्तर सहित सभी आयु वर्ग के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। परीक्षा की संभावित तिथि 18 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। परीक्षा का पंजीकरण शुल्क 20 रुपये निर्धारित किया गया है, जो केंद्र प्रभारी अथवा सह प्रभारी के पास जमा करवाना होगा। पाठ्यक्रम आधारित पुस्तक प्राप्त करने के इच्छुक अभ्यर्थी 30 रुपये अतिरिक्त शुल्क जमा करवाकर पुस्तक प्राप्त कर सकते हैं। आनलाइन परीक्षा का विकल्प चुनने वाले विद्यार्थियों को भी अन्य विद्यार्थियों के साथ परीक्षा केंद्र पर बैठकर परीक्षा देनी होगी। जाम्भाणी साहित्य अकादमी के संगठन सचिव व मप्र परीक्षा प्रभारी पूनमचंद्र पंवार ने बताया कि मप्र में परीक्षा के लिए कुल नौ केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें इंदौर, खातेगांव, नेमावर, हरदा, खिरकिया, खमलाय, नीमगांव, गाडरवारा तथा उदयपुरा केंद्र शामिल हैं। पंवार ने बताया कि जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा बच्चों को जाम्भाणी साहित्य, संस्कारों और गौरवशाली जाम्भाणी परम्परा से परिचित कराने का अनुपम अवसर है। इससे बच्चों में अपनी सांस्कृतिक जड़ों के प्रति आत्मीय अनुराग, गौरवबोध और वैचारिक चेतना विकसित होगी। उन्होंने कहा कि आज जाम्भाणी ज्ञान से जुड़ने वाला प्रत्येक बालक भविष्य में साहित्य, संस्कृति एवं परम्परा का सजग संवाहक बन सकता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों का अधिकाधिक संख्या में पंजीकरण करवाएं और अन्य परिवारों को भी इस ज्ञानयज्ञ से जोड़ें।
हरदा सहित मप्र में नौ केंद्रों पर होगी जाम्भाणी साहित्य ज्ञान परीक्षा

0 Views



