-ई-गवर्नेंस एवं पोस्ट ऑफिस लगाएंगे केम्प
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक लेकर विभागीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले की आंगनवाड़ी केंद्रों में दर्ज सभी बच्चों के आधार कार्ड बनवाए जाएं। इसके लिए ई-गवर्नेंस तथा पोस्ट ऑफिस के माध्यम से विशेष कैम्प आयोजित कर आधार कार्ड बनाने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। कलेक्टर जैन ने कहा कि कुपोषित एवं अति कुपोषित बच्चों को सुपोषण की श्रेणी में लाने के लिए विभागीय अमला प्रभावी एवं निरंतर प्रयास करे। ऐसे जरूरतमंद बच्चों को चिन्हित कर आवश्यकता अनुसार पोषण पुनर्वास केंद्रों में भर्ती कराया जाए, ताकि उन्हें बेहतर पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्रों से वितरित होने वाले टेक होम राशन की समीक्षा करते हुए इसकी पहुंच एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को निर्धारित मात्रा में लाभ दिलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि टेक होम राशन का प्रतिशत बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के सभी बच्चों की अपार आईडी अपडेट कराने के निर्देश भी दिए। साथ ही जिले की सभी गर्भवती एवं धात्री माताओं का अनिवार्य रूप से पंजीयन सुनिश्चित करने को कहा, ताकि उन्हें विभागीय योजनाओं एवं पोषण संबंधी सेवाओं का समय पर लाभ मिल सके। बैठक में कलेक्टर जैन ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में जिला महिला एवं बाल विकास अधिकारी विवेक शर्मा सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।





