आस्था के रंग में रंगा खेड़ापति मंदिर, श्रीराम सप्ताह का भव्य समापन

-56 भोग के बाद निकली शोभायात्रा
-भजन-कीर्तन में गूंजा जय श्रीराम का जयघोष

अनोखा तीर, हरदा। श्रावण मास में खेड़ापति हनुमान मंदिर परिसर पिछले सात दिनों से भक्ति और आस्था के रंग में रंगा रहा। सोमवार को श्रीराम सप्ताह का भव्य समापन हुआ। इस दौरान मंदिर में हुए धार्मिक आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर भगवान श्रीराम और हनुमानजी के दर्शन किए। सप्ताहभर प्रतिदिन रामायण पाठ, सुंदरकांड, हनुमान चालीसा, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का आयोजन हुआ। महिला भजन मंडलों ने ढोलक-मंजीरों की संगत में भजनों की प्रस्तुतियां देकर वातावरण को भक्तिमय बनाए रखा। महिलाओं के साथ युवाओं और बच्चों ने भी आयोजन में उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
56 भोग से सजी भोग थाली
रविवार को पुत्रदा एकादशी के अवसर पर भगवान को 56 भोग अर्पित किया गया। पूड़ी, कचौरी, हलवा, लड्डू, खीर, मेवे, फल, पंचामृत सहित विभिन्न पारंपरिक व्यंजनों से भोग सजाया गया। रात में विशेष महाआरती हुई, जिसमें श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी।
बैंड-बाजे के साथ निकली शोभायात्रा
सोमवार सुबह 6 बजे काकड़ आरती के साथ समापन कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद बैंड-बाजे और धार्मिक जयघोष के बीच शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए और जय श्रीराम के जयघोष लगाते हुए शामिल हुए। शोभायात्रा के पश्चात श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की गई।
आस्था के साथ भाईचारे का संदेश
श्रीराम सप्ताह ने धार्मिक आयोजन के साथ सामाजिक एकता और भाईचारे का संदेश भी दिया। खेड़ापुरा वार्ड-4 सहित आसपास के क्षेत्रों से श्रद्धालु आयोजन में पहुंचे। समापन अवसर पर क्षेत्र में सुख-शांति, समृद्धि और खुशहाली की सामूहिक प्रार्थना की गई।
150 वर्ष पुराना आस्था का केंद्र
खेड़ापति हनुमान मंदिर करीब 150 वर्ष पुराना बताया जाता है। मंदिर नगरवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां स्वयंभू खेड़ापति हनुमानजी के साथ गणेशजी, सती माता और शीतला माता की प्रतिमाएं विराजमान हैं। धार्मिक मान्यता के चलते यहां वर्षभर श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है।

0 Views

Leave a Reply