-लक्ष्य नेगी, केशव शर्मा, अनमोल ने बढ़ाया विद्यालय का गौरव
अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा के तीन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने बैडमिंटन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संभाग स्तर की प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। विद्यालय के लक्ष्य नेगी, केशव शर्मा और अनमोल ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार खेल का प्रदर्शन किया, जिसके आधार पर उनका चयन संभाग स्तर के लिए किया गया है। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है। विद्यालय के खेल प्रशिक्षक नितिन रामकुचे के मार्गदर्शन में विद्यार्थी नियमित रूप से खेलों का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। उनके मार्गदर्शन और विद्यार्थियों की मेहनत का परिणाम है कि महर्षि ज्ञानपीठ के विद्यार्थी लगातार ब्लॉक, जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। विद्यालय में शिक्षा के साथ-साथ खेलों को भी विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम माना जाता है। विद्यार्थियों को विभिन्न खेलों के लिए नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं में भाग लेने के अवसर उपलब्ध कराए जाते हैं। इसी का परिणाम है कि विद्यालय के विद्यार्थियों ने हाल के समय में टेबल टेनिस, बैडमिंटन, लगोरी, एथलेटिक्स सहित विभिन्न खेलों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने टेबल टेनिस में भी जिला स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए युवराज जांगरे और केशव शर्मा का संभाग स्तर के लिए चयन करवाया है। वहीं विद्यालय की लगोरी टीम ने जिला हरदा का प्रतिनिधित्व करते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेकर विद्यालय और जिले का नाम रोशन किया। खेलों में विद्यार्थियों की लगातार बढ़ती उपलब्धियां विद्यालय की खेल गतिविधियों और प्रशिक्षकों के समर्पित प्रयासों को दर्शाती हैं। इस अवसर पर संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने लक्ष्य नेगी, केशव शर्मा और अनमोल को उनकी सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, आवश्यकता है उन्हें उचित प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर देने की। उन्होंने उम्मीद जताई कि तीनों विद्यार्थी संभाग स्तर की प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे राज्य स्तर पर अपनी जगह बनाएंगे। विद्यालय प्रबंधन ने खेल प्रशिक्षक नितिन रामकुचे सहित विद्यार्थियों के अभिभावकों और विद्यालय परिवार को भी इस उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय नियमित अभ्यास, प्रशिक्षक के मार्गदर्शन, अभिभावकों के सहयोग और विद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे खेल सुविधाओं को दिया।





