विधायक अभिजीत शाह ने निकाली भव्य कांवड़ यात्रा

 


-आस्था के सैलाब में गूंजा हर-हर महादेव

अनोखा तीर, सिराली। सावन के अंतिम सोमवार को टिमरनी विधायक अभिजीत शाह के सानिध्य में भव्य तिलभांडेश्वर कांवड़ यात्रा निकाली गई। मकड़ाई स्थित प्राचीन नागझिरी मंदिर से शुरू हुई यात्रा में बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए। कांवड़ में पवित्र नर्मदा जल लेकर श्रद्धालु हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष के साथ सिराली स्थित बाबा तिलभांडेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे। यात्रा में विधायक अभिजीत शाह की मौजूदगी ने श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। विधायक शाह ने शिवभक्तों के साथ यात्रा में सहभागिता करते हुए धार्मिक आस्था और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया। यात्रा के दौरान पूरा मार्ग भगवा रंग में रंगा नजर आया और जगह-जगह श्रद्धालुओं ने कांवड़ यात्रियों का स्वागत किया। नागझिरी से तिलभांडेश्वर तक निकली भव्य कांवड़ यात्रा ने सिराली क्षेत्र को शिवभक्ति के रंग में रंग दिया। यात्रा नागझिरी मंदिर से प्रारंभ होकर सोनपुरा, खुदिया, जिनवान्या और रामपुरा होते हुए सिराली पहुंची। बच्चे, महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। डीजे और भक्ति गीतों के बीच शिवभक्त उत्साह के साथ आगे बढ़ते रहे। सिराली पहुंचने पर कांवड़ में लाए गए पवित्र नर्मदा जल से बाबा तिलभांडेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया गया। जलाभिषेक के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठा। आस्था के साथ भाईचारे का संदेश देते हुए विधायक अभिजीत शाह ने कहा कि इस यात्रा ने धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सहभागिता और भाईचारे का संदेश दिया।

0 Views

Leave a Reply