ग्रामीणों ने मोबाइल टावर के विरोध में सौंपा ज्ञापन

अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले की खिरकिया तहसील के ग्राम धनवाड़ा के ग्रामीण सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे। उन्होंने गांव के बीच लगाए जा रहे मोबाइल टावर का विरोध करते हुए कलेक्टर के नाम ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर को सौंपा। ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि गांव के बीच लगाए जा रहे मोबाइल टावर को आबादी से करीब 500 मीटर दूर स्थापित किया जाए। ग्रामीणों का आरोप है कि टावर लगाने के लिए ग्राम पंचायत से अनुमति नहीं ली गई है। ग्रामीण दीपक पटेल ने बताया कि इलेवर डिजिटल इन्फ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम धनवाड़ा निवासी राधेश्याम बुंदेला के घर के पास निजी भूमि पर मोबाइल टावर लगाया जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी के बीच टावर लगने से उन्हें रेडिएशन को लेकर आशंका है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि कंपनी को टावर का स्थान बदलने के निर्देश दिए जाएं। उनका कहना है कि टावर गांव की आबादी से करीब 500 मीटर दूर लगाया जाना चाहिए, ताकि ग्रामीणों की आपत्ति और आशंकाओं का समाधान हो सके।

0 Views

Leave a Reply