
-विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को मिली सराहना
अनोखा तीर, हरदा। पिनेकल एकेडमी में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार एवं दैनिक अनोखा तीर के संपादक प्रहलाद शर्मा द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद सरस्वती पूजन किया गया। ध्वजारोहण समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि प्रहलाद शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को सही दिशा देने का काम शिक्षकों का है। विद्यालयों में उत्सवों का आयोजन कर उनकी प्रतिभा निखारने के लिए मंच प्रदान करने से बच्चों में आत्मविश्वास जागृत होता है। हमारे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों ने जिस स्वप्न को लेकर हमें स्वतंत्रता दिलाई है, उसकी जिम्मेदारी समझना होगी। जिस तरह विद्या अध्ययन के लिए कुंजी हुआ करती थी, इसी तरह स्वतंत्रता को सार्थक करने के लिए आत्मनिर्भरता सबसे बड़ी कुंजी है। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्वावलंबी बनाने की सीख देनी होगी। हम देश के हित के लिए नियमों का पालन करें, यही सच्ची राष्ट्र भक्ति है। विशेष अतिथि परशुराम सेना मप्र के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं युवा समाजसेवी सुधीर शर्मा ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को सार्थक करना होगा। वर्तमान के हालात को देखकर यह जिम्मेदारी विद्यार्थियों पर है। कार्यक्रम के दौरान नन्हे मुन्ने बच्चों की परेड निकाली गई। मार्च पास्ट करते विद्यार्थियों ने ध्वज को प्रणाम कर अतिथियों को सलामी दी। बच्चे फैंसी ड्रेस में लक्ष्मी बाई, भगत सिंह, चंद्रशेखर आजाद, संभाजी बनकर आए। यामी ने प्रभावी स्पीच दी। इसके बाद समूह नृत्य, हर्षी मंडलेकर द्वारा एकल गीत, विभिन्न भाषाओं में स्पीच, आन्या देवड़ा का नृत्य तथा आर्मी जवान की शहादत को लेकर संदेश देती नृत्य नाटिका प्रस्तुत की गई। अक्षरा कदम एवं मयंक सर की प्रस्तुति भी सराही गई। देशभक्ति गीतों एवं नृत्यों की प्रस्तुति को मुख्य अतिथि प्रहलाद शर्मा एवं विशेष अतिथि सुधीर शर्मा सहित विद्यार्थियों एवं पालकों ने सराहा। संस्था के संचालक अब्दुल सईद खान एवं सुल्ताना खान ने अतिथियों का शाल, श्रीफल, अभिनंदन पत्र एवं बिल्व पौधा भेंट कर स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन अब्दुल सईद खान ने दिया। कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका जान्हवी तोमर, साक्षी दुबे एवं विद्यार्थी जैनब एवं आयशा ने किया। अंत में आभार प्राचार्य प्रियंका तोमर ने व्यक्त किया।





