-पर्यटन क्विज में बनी जिला उपविजेता
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को जानने-समझने के उद्देश्य से आयोजित मध्यप्रदेश टूरिज्म क्विज-2026 में पिनेकल एकेडमी, हरदा के विद्यार्थियों ने अपने पहले ही प्रयास में जिला स्तर पर उपविजेता बनकर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन उत्कृृष्ट विद्यालय, हरदा में किया गया, जिसमें जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों की 81 टीमों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच पिनेकल एकेडमी की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यालय की टीम में मायरा अब्दुल सईद खान, पूर्वी विश्नोई एवं विपुल सेजकर शामिल रहे। विद्यार्थियों ने मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, लोक संस्कृति, धार्मिक स्थलों, विश्व धरोहर सहित प्रदेश से जुड़े विभिन्न विषयों पर पूछे गए सवालों के उत्साहपूर्वक एवं सटीक जवाब दिए।
पहले प्रयास में ही शानदार परिणाम
पिनेकल एकेडमी के विद्यार्थियों के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी खास रही, क्योंकि टीम ने पहली बार प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए ही जिला स्तर पर उपविजेता का स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों के प्रदर्शन से विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षकों में भी उत्साह का माहौल रहा। प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की समृद्ध विरासत और पर्यटन स्थलों के बारे में अपनी जानकारी को परखने और बढ़ाने का अवसर मिला।
पर्यटन विभाग ने दिया भ्रमण पैकेज
जिला स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीम को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से दो दिन एवं एक रात का पर्यटन पैकेज भी प्रदान किया गया है। इससे विद्यार्थियों को प्रदेश के पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थलों को करीब से देखने और उनके बारे में प्रत्यक्ष जानकारी हासिल करने का अवसर मिलेगा। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर संस्था संचालक अब्दुल सईद खान एवं सुल्ताना खान तथा प्राचार्य प्रियंका तोमर ने टीम के सदस्यों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने मध्यप्रदेश की विरासत से विद्यार्थियों को जोड़ने वाली पर्यटन क्विज को ज्ञानवर्धक और सराहनीय पहल बताया।





