-जन्मदिन और वर्षगांठ पर पौधारोपण की परंपरा जारी
अनोखा तीर, हरदा। सर्वब्राह्मण समाज संगठन द्वारा रविवार शाम को ड्रीम लैंड कॉलोनी स्थित गार्डन में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान मंत्रोच्चार के साथ सामाजिक लोगों ने आम, जामुन, बिल्व, नीम, बरगद सहित 35 पौधे लगाए। संगठन के अध्यक्ष सुनील तिवारी ने बताया कि प्रतिवर्षानुसार वर्षाकाल के प्रारंभ में सामाजिक लोगों के जन्मदिवस, विवाह वर्षगांठ एवं अन्य विशेष दिवस को यादगार बनाने के लिए संगठन द्वारा पौधारोपण अभियान चलाया जाता है। साथ ही पौधों के संरक्षण का संकल्प भी लिया जाता है। उन्होंने बताया कि संगठन के उपाध्यक्ष संदीप स्वामी ने पौधारोपण के लिए 21 पौधे भेंट किए हैं। इस दौरान डॉ एल एन पाराशर ने सभी से पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण करने का आह्वान किया। उन्होंने स्वदेशी उत्पाद उपयोग करने की बात कही और स्वदेशी अभियान से जुड़कर समाज एवं देश की उन्नति में सहायक बनने का आग्रह किया। कार्यक्रम के दौरान संगठन के संरक्षक चंद्रकांत शुक्ला, उपाध्यक्ष रोहित तिवारी, पौधारोपण प्रभारी दीपक शुक्ला, सौरभ काशिव, शुभम वशिष्ठ, महिला इकाई अध्यक्ष विनीता राजोरिया, सचिव अदिति गुरु, गीता पांडे, गोपाल शुक्ला, शशिभूषण जोशी सहित समाजजन उपस्थित थे।





