ज्ञान गंगा स्कूल की ऐतिहासिक उपलब्धि

-लगातार 9वीं बार बनी जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता की विजेता

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग द्वारा विद्यार्थियों को प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पर्यटन स्थलों, मंदिरों, मस्जिदों एवं ऐतिहासिक धरोहरों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित जिला स्तरीय पर्यटन क्विज प्रतियोगिता में ज्ञान गंगा हायर सेकेंडरी स्कूल, हरदा ने एक बार फिर शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार 9वीं बार विजेता बनने का गौरव हासिल किया है। प्रतियोगिता का आयोजन उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में किया गया। इसमें जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में ज्ञान गंगा हायर सेकेंडरी स्कूल की टीम ने अपनी पर्यटन संबंधी जानकारी, त्वरित सोच एवं शानदार प्रदर्शन के दम पर प्रथम स्थान प्राप्त किया। विद्यालय की विजेता टीम में सागर सेन, राजदीप मानकर एवं स्वप्निल यादव शामिल रहे। तीनों विद्यार्थियों ने प्रदेश के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों, धार्मिक स्थलों एवं सांस्कृतिक विरासत से जुड़े प्रश्नों का बेहतर प्रदर्शन करते हुए विद्यालय को लगातार नौवीं बार जिला स्तरीय विजेता बनाया।
लगातार नौवीं जीत से कायम की स्वर्णिम परंपरा
ज्ञान गंगा स्कूल की टीम की यह लगातार नौवीं सफलता विद्यालय के लिए विशेष उपलब्धि मानी जा रही है। लगातार नौ वर्षों तक जिला स्तरीय पर्यटन क्विज में विजेता बनना विद्यार्थियों की तैयारी, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के प्रति गंभीरता को दर्शाता है। विजेता टीम को मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग की ओर से तीन दिन एवं दो रात के नि:शुल्क शैक्षणिक भ्रमण का कूपन प्रदान किया गया है। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को प्रदेश के विभिन्न ऐतिहासिक एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने का अवसर मिलेगा। इसके साथ ही विजेता विद्यार्थियों को प्रशस्ति-पत्र एवं मेडल देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार ने दी बधाई
विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण, अभिभावकों एवं समस्त ज्ञान गंगा परिवार ने विजेता विद्यार्थियों को बधाई दी। विद्यालय परिवार ने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है और ज्ञान गंगा स्कूल ने लगातार नौवीं बार जीत दर्ज कर अपनी उपलब्धियों की स्वर्णिम परंपरा को आगे बढ़ाया है। विद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

0 Views

Leave a Reply