अनोखा तीर, हरदा। जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग विवेक शर्मा के नेतृत्व में बुधवार को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चारखेड़ा में विद्यार्थियों के लिए बाल सुरक्षा, शिक्षा, बाल विवाह की रोकथाम, बाल स्वास्थ्य एवं जेंडर इक्वालिटी विषयों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रविराज राजपूत ने छात्र-छात्राओं को बच्चों के अधिकार, सुरक्षित एवं सकारात्मक वातावरण, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के महत्व तथा बाल विवाह से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्परिणामों की जानकारी दी। साथ ही बाल स्वास्थ्य, स्वच्छता, पोषण, किशोर-किशोरी स्वास्थ्य एवं लैंगिक समानता के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। विद्यार्थियों को बताया गया कि बाल विवाह एक दंडनीय अपराध है। इसकी जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 अथवा स्थानीय प्रशासन को तत्काल सूचना देने की अपील की गई। साथ ही सभी छात्र-छात्राओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तथा समाज में समानता एवं सम्मान की भावना को बढ़ावा देने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने बाल विवाह रोकने, शिक्षा को बढ़ावा देने, बाल सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा लैंगिक समानता अपनाने का संकल्प लिया। विद्यालय परिवार ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों एवं समाज के लिए उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी इनके आयोजन की अपेक्षा जताई। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग से रविराज राजपूत, गजेंद्र बरकरे, शुभम धार्मिक तथा विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे। इधर, हरदा जिले के रेलवे स्टेशन एवं प्रमुख चौक-चौराहों पर ‘बच्चों को शिक्षा दें, भिक्षा नहींÓ अभियान के तहत आमजन को जागरूक किया गया। लोगों से अपील की गई कि वे बच्चों को भिक्षा देने के बजाय उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने तथा जरूरतमंद बच्चों के पुनर्वास एवं शासकीय सहायता योजनाओं में सहयोग करें। अभियान के माध्यम से भिक्षावृत्ति मुक्त एवं बाल-अनुकूल समाज बनाने का संदेश दिया गया।
बाल सुरक्षा, शिक्षा और बाल विवाह रोकथाम को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

0 Views




