अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से जीडीएक्स ग्रुप, ग्रेटर नोएडा एवं भारत सरकार के पसारा एक्ट-2005 के तहत 100 सुरक्षा जवान, 20 ड्रोन पायलट तथा 30 सुरक्षा सुपरवाइजर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के पदों पर भर्ती के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रबंधक, आजीविका मिशन रामनिवास कालेश्वर ने बताया कि भर्ती शिविर 6 अगस्त को जनपद पंचायत टिमरनी, 7 एवं 10 अगस्त को जनपद पंचायत खिरकिया तथा 11 एवं 12 अगस्त को जनपद पंचायत हरदा में आयोजित किए जाएंगे। शिविर का समय सुबह 10 बजे से शाम 3 बजे तक रहेगा। उन्होंने बताया कि सुरक्षा जवान के लिए अभ्यर्थी का 10वीं उत्तीर्ण, आयु 18 से 40 वर्ष, ऊंचाई 168 सेंटीमीटर तथा वजन 52 से 96 किलोग्राम होना आवश्यक है। वहीं सुरक्षा सुपरवाइजर एवं कंप्यूटर ऑपरेटर के लिए स्नातक के साथ कंप्यूटर ज्ञान, आयु 22 से 40 वर्ष, ऊंचाई 170 सेंटीमीटर तथा वजन 55 से 96 किलोग्राम निर्धारित किया गया है। इच्छुक युवा 10वीं की अंकसूची अथवा उच्चतम शैक्षणिक प्रमाण-पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ स्वयं उपस्थित होकर ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं। दूसरे जिलों के इच्छुक अभ्यर्थी भी आजीविका मिशन कार्यालय में उपस्थित होकर आवेदन कर सकेंगे। चयनित युवाओं को जीडीएक्स ग्रुप के प्रशिक्षण केंद्र, एनआईएमटी कैंपस, परी चौक मेट्रो स्टेशन (ग्रेटर नोएडा) स्थित केंद्र में 15 दिन का आवासीय प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण के बाद प्रमाण-पत्र के साथ मध्यप्रदेश के विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में 21,500 से 25,000 रुपये प्रतिमाह वेतन पर रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ ही पीएफ, पेंशन, जीवन बीमा, पारिवारिक मेडिकल सुविधा, वार्षिक वेतन वृद्धि, ऋण सुविधा, पदोन्नति तथा ड्यूटी के दौरान रियायती दरों पर रहने और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
ड्रोन पायलट व सुपरवाइजर भर्ती शिविर आज से

0 Views




