7 अगस्त से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान

-हर शुक्रवार होंगे जनसंवाद शिविर
अनोखा तीर, हरदा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार हरदा जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ 7 अगस्त से होगा। अभियान का उद्देश्य शासन-प्रशासन की पहुंच आम नागरिकों तक और अधिक सशक्त बनाना, क्षेत्र भ्रमण के माध्यम से समस्याओं का मौके पर निराकरण करना, शासकीय योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करना तथा लोक सेवाओं का समय-सीमा में प्रदाय सुनिश्चित करना है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत आदेश जारी करते हुए 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार आयोजित होने वाले कार्यक्रमों का कैलेंडर निर्धारित किया है। अभियान के तहत प्रत्येक शुक्रवार जिले के नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायत क्षेत्रों में जनसंवाद शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में जिला प्रशासन, स्थानीय निकायों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आम नागरिकों की समस्याएं सुनेंगे तथा उनका यथासंभव मौके पर ही निराकरण करेंगे। साथ ही विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं, लोक सेवा गारंटी से संबंधित सेवाओं एवं अन्य जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा भी की जाएगी। अभियान का शुभारंभ 7 अगस्त (शुक्रवार) को जनपद पंचायत खिरकिया के ग्राम चारूवा से होगा। इस शिविर में चारूवा, बावड़िया, कानपुरा, डेडगांवमाल, पड़वा, कालधड़, प्रतापपुरा, जूनापानी भंवरदी, जयमलपुरा एवं टेमलावाड़ी माल के ग्रामीण शामिल होंगे। इसके बाद 14 अगस्त को हरदा विकासखंड के ग्राम सोनतलाई में शिविर आयोजित होगा। इसमें सोनतलाई, बिछौलामाल, छिड़गांव, धनगांव, नीमगांव, सामरधा, उंवा, हनीफाबाद, कचबैड़ी, करनपुरा, पचौला, पांचातलाई, जामली दमामी एवं नीलगढ़ दमामी के ग्रामीण शामिल होंगे। 21 अगस्त को टिमरनी विकासखंड के ग्राम करताना में शिविर आयोजित किया जाएगा। इस शिविर में करताना, भंवरास, गोंदागांवकला, गुल्लास, रूंदलाय, सन्यासा, लछौरा, छीपानेर, नयागांव, तजपुरा, कुहीग्वाड़ी, गोंदागांवखुर्द एवं गाड़ामोड़कला के ग्रामीण भाग लेंगे। अभियान के तहत इसके बाद भी विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में क्रमवार शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान 8 जनवरी 2027 तक जिले के निर्धारित क्षेत्रों में संचालित रहेगा। अभियान के दौरान जनसंवाद कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। जिन मामलों का समाधान जिला स्तर पर संभव नहीं होगा अथवा जिनमें राज्य स्तर के निर्णय, नीति, बजट या तकनीकी स्वीकृति की आवश्यकता होगी, उनका संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर समयबद्ध निराकरण कराया जाएगा। साथ ही सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई एवं लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत लंबित प्रकरणों की विशेष समीक्षा कर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश भी दिए गए हैं। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता एवं जनहित की भावना के साथ संचालित करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी रूप से पहुंचे और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित हो सके।

2 Views

Leave a Reply