शंकर मंदिर के सामने जलभराव से ग्रामीण परेशान

-शिकायतों के बाद भी नहीं हुआ समाधान

अनोखा तीर, हरदा/बालागांव। ग्राम के मुख्य मार्ग पर स्थित शंकर मंदिर के सामने लंबे समय से जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर हमेशा पानी भरा रहने से ग्रामीणों और राहगीरों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि सावन माह में प्रतिदिन बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और श्रद्धालु शंकर मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं, लेकिन मंदिर तक जाने के लिए उन्हें गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे लोगों को असुविधा के साथ-साथ संक्रमण फैलने का खतरा भी बना रहता है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सका है। उन्होंने प्रशासन से जल्द जल निकासी की व्यवस्था कर सड़क को जलभराव से मुक्त कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
इनका कहना…
ग्राम पंचायत सचिव रेवाराम शर्मा ने बताया कि यहां नाली एवं पाइप निर्माण के लिए टीएस (टेक्निकल स्वीकृति) तैयार की जा रही है। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू कर समस्या का जल्द समाधान किया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply