अनधिकृत हूटर, काली फिल्म और वीआईपी स्टिकर लगे वाहनों पर पुलिस की कार्रवाई

अनोखा तीर, हरदा। हरदा शहर में बुधवार को यातायात पुलिस और सिटी कोतवाली पुलिस ने संयुक्त रूप से विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान अनधिकृत हूटर, काली फिल्म, फ्लैश लाइट और वीआईपी स्टिकर लगे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई। साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 50 से अधिक वाहन चालकों पर चालानी कार्रवाई की गई। सिटी कोतवाली पुलिस ने 15 वाहनों पर चालान किया। इनमें आठ वाहनों से काली फिल्म हटाई गई, जबकि पांच वाहनों से अनधिकृत हूटर हटाए गए। अभियान का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराना तथा निजी वाहनों पर सरकारी पहचान या विशेषाधिकार दर्शाने वाले चिह्नों के दुरुपयोग पर रोक लगाना था। पुलिस ने शहर के हनुमान मंदिर सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान निजी वाहनों में लगे हूटर, सायरन, फ्लैश लाइट, लाल, पीली एवं नीली बत्ती, ब्लैक फिल्म, सरकारी एवं वीआईपी स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम सहित अन्य प्रतिबंधित सामग्री की जांच की गई। इसके अलावा बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट नहीं लगाने, अव्यवस्थित पार्किंग, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अधूरे दस्तावेज तथा निर्धारित क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस ने कुल 50 से अधिक वाहन चालकों के खिलाफ चालानी कार्रवाई की।

0 Views

Leave a Reply