अनोखा तीर, मसनगांव। नर्मदापुरम-खंडवा स्टेट हाईवे पर सड़क सुरक्षा व्यवस्था बदहाल नजर आ रही है। सड़क के दोनों ओर उगी जंगली झाड़ियां अब सड़क तक फैल गई हैं, जिससे वाहन चालकों की दृश्यता प्रभावित हो रही है। वहीं कई स्थानों पर साइड शोल्डर धंस जाने से वाहन चालकों को सड़क से उतरने और वापस चढ़ने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। हरदा से लेकर छिपावड़ तक हाईवे के कई हिस्सों में सड़क किनारे झाड़ियां फैल चुकी हैं। दोपहिया वाहन चालकों को सामने से आने वाले वाहनों का अनुमान लगाने में कठिनाई होती है, जबकि बड़े वाहनों की क्रॉसिंग के दौरान मजबूरी में साइड लेना पड़ता है। ऐसे में धंसे हुए शोल्डर हादसों का कारण बन सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई स्थानों पर सड़क और शोल्डर के बीच ऊंचाई का अंतर काफी बढ़ गया है। यदि कोई वाहन अचानक सड़क से नीचे उतर जाए तो उसे दोबारा सड़क पर चढ़ाने के दौरान संतुलन बिगड़ने का खतरा रहता है। बारिश के मौसम में यह स्थिति और अधिक खतरनाक हो सकती है। ग्रामीणों का कहना है कि मानसून के दौरान यदि समय रहते झाड़ियों की कटाई और धंसे हुए साइड शोल्डरों की मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो सकती है तथा दुर्घटनाओं में भी वृद्धि होने की आशंका है। क्षेत्रवासियों ने सड़क निर्माण विभाग एवं संबंधित अधिकारियों से हाईवे किनारे फैली झाड़ियों को तत्काल हटाने तथा धंसे हुए साइड शोल्डरों की मरम्मत कर सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि वाहन चालकों को राहत मिल सके और संभावित हादसों पर अंकुश लगाया जा सके।
धंसे साइड शोल्डर और झाड़ियां बढ़ा रहीं हादसों का खतरा

0 Views


