7 अगस्त को चारूवा क्लस्टर में आयोजित होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान

अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जिले में मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 का शुभारंभ 7 अगस्त से होगा। कलेक्टर के आदेशानुसार यह अभियान जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के सभी क्लस्टरों एवं नगरीय निकायों में 8 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत 7 अगस्त को चारूवा क्लस्टर में सभी विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने विभागों से संबंधित सेवाओं एवं संस्थानों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जनसुनवाई की लंबित शिकायतों का निराकरण, लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरण, पात्र किसानों की फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र आईडी एवं आधार संबंधी प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी एवं पोषण सेवाएं, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, दवाओं एवं उपकरणों की उपलब्धता, स्कूलों और कॉलेजों में विद्यार्थियों की उपस्थिति एवं शिक्षा की गुणवत्ता, खाद-बीज की उपलब्धता, राशन दुकानों की व्यवस्था, सड़क, तालाब, अमृत सरोवर, जल संरचनाओं एवं अन्य शासकीय परिसंपत्तियों की स्थिति का भी निरीक्षण किया जाएगा। सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, संबल योजना सहित अन्य हितग्राही मूलक योजनाओं की समीक्षा के साथ क्षेत्र की स्थानीय समस्याओं के समाधान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान के दौरान उद्यम संवाद का भी आयोजन होगा, जिसमें सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं कुटीर उद्यमियों को आमंत्रित किया जाएगा। सभी विभाग प्रमुख अपने विभाग से संबंधित आवेदन प्राप्त कर उनका संवेदनशीलता के साथ निराकरण करेंगे तथा आवेदकों को की गई कार्रवाई से अवगत कराया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply