Skip to content
Sunday, 25 October 2026
हरदा

9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा अभियान

3 min read
Anokhateer editorial default
Text Size:

-14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
अनोखा तीर, हरदा। मध्यप्रदेश में ‘हर घर तिरंगा अभियान 9 से 17 अगस्त तक जनभागीदारी के साथ संचालित किया जाएगा। सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने सभी संभागायुक्तों एवं कलेक्टरों को इस संबंध में निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि अभियान के दौरान आमजन की उत्साहपूर्ण भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस संवेदनशीलता के साथ मनाया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने का उत्सव भी ‘हर घर तिरंगा  अभियान से जोड़ा गया है। अभियान के तहत सभी जिलों में तिरंगा प्रदर्शनी, तिरंगा रंगोली, तिरंगा बुनाई, प्रश्नोत्तरी, स्वयंसेवा, तिरंगा सजावट, प्रकाश व्यवस्था, देशभक्ति संगीत कार्यक्रम, नुक्कड़ नाटक तथा सैन्य बलों और पुलिसकर्मियों के लिए पत्र लेखन जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा तिरंगा मेला, तिरंगा कॉन्सर्ट, बाइक, ई-बाइक एवं साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा, मानव श्रृंखला और तिरंगा एंथम जैसे आयोजन भी होंगे। स्थानीय स्व-सहायता समूहों एवं उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। डिजिटल सहभागिता के तहत नागरिकों को तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी ‘हर घर तिरंगा  पोर्टल पर अपलोड करने तथा सोशल मीडिया पर अभियान का प्रचार-प्रसार करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
‘वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने का उत्सव
शासकीय कार्यक्रमों, शिक्षण संस्थानों एवं सार्वजनिक सभाओं में जहां राष्ट्रगीत और राष्ट्रगान दोनों प्रस्तुत किए जाएंगे, वहां पहले राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम  और उसके बाद राष्ट्रगान ‘जन गण मन होगा। राष्ट्रगीत के दौरान सभी अधिकारी, कर्मचारी एवं नागरिक सम्मानपूर्वक सावधान की मुद्रा में खड़े रहेंगे। सभी आयोजनों में राष्ट्रगीत के साथ राष्ट्रीय ध्वज का प्रदर्शन भी किया जाएगा।
14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
14 अगस्त को देश विभाजन के दौरान विस्थापन का दंश झेलने वाले तथा अपने प्राण गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। जिला एवं संभाग स्तर पर शांति मार्च, श्रद्धांजलि सभाएं तथा विभाजन से जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम और विस्थापितों के संघर्ष को दर्शाने वाली प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। विभाजन प्रभावित परिवारों अथवा उनके प्रतिनिधियों को आमंत्रित कर उनके अनुभव भी साझा कराए जाएंगे। अभियान में जिलों, विकासखंडों एवं ग्राम पंचायतों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। स्थानीय संस्थाओं, स्व-सहायता समूहों, पंचायती राज संस्थाओं, स्कूली बच्चों, स्वयंसेवकों एवं अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं को अभियान से जोड़ने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही अधिक से अधिक घरों, कार्यालयों एवं वाहनों पर तिरंगा फहराने तथा ‘हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।

2 Views
What do you think?

Leave a Reply