मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त को

अनोखा तीर, हरदा। विद्यार्थियों को मध्यप्रदेश की समृद्ध पर्यटन, सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता-2026 का जिला स्तरीय आयोजन 7 अगस्त को डॉ. बी.आर. अंबेडकर शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय, हरदा में होगा। प्रतियोगिता के नोडल अधिकारी एवं एसडीएम हरदा अशोक कुमार डेहरिया ने बताया कि इस वर्ष जिले के 92 शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों ने प्रतियोगिता के लिए पंजीयन कराया है। प्रत्येक विद्यालय का तीन सदस्यीय दल अपने मार्गदर्शक शिक्षक के साथ सुबह 8.30 बजे कार्यक्रम स्थल पर अनिवार्य रूप से उपस्थित होगा। प्रतियोगिता दो चरणों में आयोजित होगी। पहले चरण में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक लिखित परीक्षा होगी, जिसमें लगभग 100 वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रश्न मध्यप्रदेश के पर्यटन स्थल, इतिहास, संस्कृति, राष्ट्रीय उद्यान, अभ्यारण्य, वन्यजीव संरक्षण एवं संवर्धन, पर्यावरण संरक्षण तथा सामान्य ज्ञान पर आधारित होंगे। लिखित परीक्षा के आधार पर चयनित शीर्ष छह टीमें दूसरे चरण में प्रवेश करेंगी। दूसरा चरण दोपहर 2.30 बजे से ऑडियो एवं वीडियो राउंड के रूप में आयोजित होगा। इसमें विजेता प्रथम टीम राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हरदा जिले का प्रतिनिधित्व करेगी। प्रतियोगिता का आयोजन कलेक्टर, जिला पंचायत तथा जिला शिक्षा अधिकारी के मार्गदर्शन में जिला पुरातत्व, पर्यटन एवं संस्कृति परिषद हरदा एवं शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। प्रतियोगिता संबंधी अधिक जानकारी के लिए क्विज मास्टर नितिन कुमार सोनी से मोबाइल नंबर 9926332084 एवं 7987118510 पर संपर्क किया जा सकता है।
विजेता टीमों को मिलेगा नि:शुल्क पर्यटन भ्रमण
मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड की ओर से प्रत्येक जिले की प्रथम तीन विजेता टीमों को मध्यप्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम के होटलों में 2 रात्रि एवं 3 दिवस के नि:शुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन दिया जाएगा। वहीं, अगली तीन उपविजेता टीमों को 1 रात्रि एवं 2 दिवस के नि:शुल्क पर्यटन भ्रमण का कूपन प्रदान किया जाएगा। इन कूपनों के तहत विद्यार्थियों के आवागमन, आवास, भोजन एवं स्थानीय भ्रमण का पूरा व्यय मध्यप्रदेश पर्यटन बोर्ड द्वारा वहन किया जाएगा।

0 Views

Leave a Reply