-पांचवें दिन भारी औजारों व सीबीआरएन सुरक्षा की दी जानकारी
अनोखा तीर, हरदा। जिले में 31 जुलाई से आयोजित सात दिवसीय सिविल डिफेंस वालेंटियर्स प्रशिक्षण के पांचवें दिन मंगलवार को प्रतिभागियों को निर्धारित पाठ्यक्रम के अनुसार भारी औजारों एवं आपदा प्रबंधन संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत एवं एसडीईआरएफ जवानों ने हाइड्रोलिक कटर, रैम, जैक, विंच और सर्कुलर सॉ सहित भारी औजारों का परिचय एवं उनके उपयोग की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। एसडीईआरएफ एसके-34 अरुण ने सीबीआरएन (रासायनिक, जैविक, रेडियोलॉजिकल एवं परमाणु) हथियारों का परिचय, उनके प्रकार, प्रभाव, परिणाम तथा उनसे बचाव के सामान्य सिद्धांतों की जानकारी दी। वहीं होमगार्ड सैनिक शैलेन्द्र परमार ने सीबीआरएन संकट की स्थिति में नागरिक सुरक्षा प्रतिक्रिया अभियान के बारे में बताया। दोपहर बाद एसडीईआरएफ जवानों ने सिविल डिफेंस वालेंटियर्स को आपदा के दौरान की जाने वाली विभिन्न कार्यवाहियों का प्रदर्शन कर प्रशिक्षण दिया। साथ ही प्रतिभागियों को होमगार्ड कार्यालय एवं एसडीईआरएफ भंडार का भ्रमण भी कराया गया।




