जनसुनवाई में अधिकारियों ने सुनी नागरिकों की समस्याएं

अनोखा तीर, हरदा। जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजली जोसेफ जोनाथन ने मंगलवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में आए नागरिकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए। इस दौरान अपर कलेक्टर पुरूषोत्तम कुमार, एसडीएम खिरकिया रजनी वर्मा, एसडीएम हरदा अशोक डहेरिया, डिप्टी कलेक्टर श्वेता बम्होरे सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे। जनसुनवाई में टिमरनी निवासी मिश्रीलाल पाटिल ने अपनी निमाचाकला स्थित भूमि पर बिना अनुमति विद्युत लाइन डालने की शिकायत की। इस पर विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को मामले का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम अबगांव खुर्द निवासी लक्ष्मी बाई बिल्लोरे एवं हंडिया निवासी असलम खान ने प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने के संबंध में आवेदन दिया। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को पात्रता का परीक्षण कर नियमानुसार लाभ दिलाने के निर्देश दिए गए। ग्राम सिंगोदा के ग्रामीणों ने भोमका बाबा मंदिर से ग्राम सिंगोदा तक तीन किलोमीटर सड़क निर्माण की मांग की। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत टिमरनी को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। ग्राम पांढरमाटी निवासी प्रमोद बढ़ोदिया ने ठेकेदार द्वारा मजदूरी का भुगतान नहीं किए जाने की शिकायत की। इस पर श्रम पदाधिकारी हरदा को जांच कर समस्या का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। ग्राम कड़ोला उबारी निवासी पार्वती बाई ने पति के निधन के बाद संबल योजना की सहायता राशि नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पिपल्याकला निवासी मनोज कहार ने अपनी बेटी को लाड़ली लक्ष्मी योजना का लाभ नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग को प्रकरण का निराकरण कराने के निर्देश दिए गए।

0 Views

Leave a Reply