युवक ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

-पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

अनोखा तीर, सिराली। हरदा जिले के सिराली थाना क्षेत्र के ग्राम रोलगांव में शनिवार रात 28 वर्षीय युवक का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। रविवार को जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक की पहचान आयुष मंत्री के रूप में हुई है। वह खेती का काम करता था। जानकारी के अनुसार, आयुष की शादी तीन साल पहले हुई थी, लेकिन कुछ समय बाद उसकी पत्नी उसे छोडक़र चली गई थी। वह अपने पिता और बुजुर्ग दादी के साथ रहता था तथा परिवार का एकमात्र सहारा था।  बताया गया कि शनिवार रात करीब 8 बजे आयुष अपने कमरे में गया था। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं आया तो परिजनों ने कमरे में जाकर देखा, जहां उसका शव फंदे पर लटका मिला। परिजन उसे तत्काल खिरकिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सिराली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

0 Views

Leave a Reply