अवैध मांस के साथ युवक गिरफ्तार, जांच के लिए भेजा सैंपल

अनोखा तीर, हरदा। सिटी कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार को बजरंग दल की शिकायत पर एक युवक को अवैध मांस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से लगभग 40 किलोग्राम मांस जब्त किया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मांस गौमांस होने की आशंका जताई है, जिसकी पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। यह कार्रवाई विश्व हिंदू परिषद के विशेष संपर्क प्रमुख भूरेलाल विश्नोई (44) निवासी कडोला उबारी की रिपोर्ट पर की गई। पुलिस ने कुलहरदा मोहल्ला निवासी सेहराज पिता अब्दुल सत्तार के खिलाफ मध्यप्रदेश पशु परीक्षण अधिनियम एवं मध्यप्रदेश गौवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया है। बजरंग दल के जिला संयोजक मयूर मराठा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि कुलहरदा मोहल्ले में आबकारी कार्यालय के पास रहने वाला सेहराज अवैध रूप से खंडवा और बुरहानपुर से गौमांस लाकर बेच रहा है। सूचना के बाद कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर जांच की, जहां सेहराज के पास एक थैली में मांस मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मयूर मराठा ने आरोप लगाया कि आरोपी और उसके चार अन्य साथी लंबे समय से अवैध रूप से गौमांस बेचने में शामिल हैं। उन्होंने पूर्व में मानपुरा में एक महिला को ट्रेन से उतरने के बाद स्कूटी से मांस ले जाते पकड़े जाने की घटना का भी उल्लेख किया।
जांच के लिए पशु चिकित्सालय भेजा सैंपल
सिटी कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती ने बताया कि बजरंग दल की शिकायत पर एक आरोपी को लगभग 40 किलोग्राम मांस के साथ गिरफ्तार किया गया है। जब्त मांस का वजन कराकर जांच के लिए पशु चिकित्सक को बुलाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा कि मांस किस पशु का है। पशु चिकित्सक ने बताया कि जब्त मांस का सैंपल प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद ही मांस की वास्तविकता की पुष्टि हो सकेगी।

0 Views

Leave a Reply