-महर्षि ज्ञानपीठ में स्टूडेंट कैबिनेट चुनाव संपन्न
अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ हायर सेकेंडरी स्कूल में विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक व्यवस्था का व्यवहारिक ज्ञान देने के उद्देश्य से स्टूडेंट कैबिनेट चुनाव का आयोजन किया गया। पूरे चुनाव को वास्तविक निर्वाचन प्रक्रिया की तर्ज पर आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने चुनाव आयोग, मतदान केंद्र, मतदान अधिकारी, मतदाता और प्रत्याशी जैसी सभी जिम्मेदारियों का निर्वहन किया। इस अनूठी पहल से विद्यार्थियों को लोकतंत्र की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने और जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा मिली। चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत चुनाव तिथि की घोषणा के साथ हुई। इसके बाद विद्यालय में चुनाव समिति का गठन किया गया, जिसने पूरी प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संचालित किया। चुनाव समिति में कशिश बिश्नोई को चीफ इलेक्शन ऑफिसर, दिव्यांशी भारद्वाज को असिस्टेंट इलेक्शन ऑफिसर, प्रीति को नॉमिनेशन ऑफिसर, ऋषिका को कैंपेन ऑफिसर, आदित्य नेगी को सिक्योरिटी ऑफिसर तथा सौम्या दुबे को पोलिंग ऑफिसर की जिम्मेदारी सौंपी गई। चुनाव के दौरान विद्यार्थियों को केवल मतदान तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि उन्हें मतदाता सूची तैयार करने, मतदाता की पहचान सत्यापित करने, फर्जी मतदान रोकने के उपाय तथा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की कार्यप्रणाली का व्यवहारिक प्रदर्शन भी कराया गया। इससे विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक प्रक्रिया के साथ-साथ तकनीकी समझ का भी विकास हुआ। चुनाव में विद्यालय की सभी कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपने-अपने क्लास रिप्रेजेंटेटिव (सीआर) का चयन किया। अब यही निर्वाचित प्रतिनिधि विद्यालय के हेड बॉय, हेड गर्ल, एजुकेशन मिनिस्टर, डिप्टी एजुकेशन मिनिस्टर, स्वास्थ्य मंत्री एवं उप स्वास्थ्य मंत्री सहित अन्य प्रमुख पदों का लोकतांत्रिक तरीके से चयन करेंगे। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण चुनाव संपन्न होने के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस रही। इसमें चुनाव समिति के विद्यार्थियों ने मीडिया की भूमिका निभाते हुए चुनाव प्रक्रिया, पारदर्शिता और निष्पक्षता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी साझा की। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को लोकतंत्र में मीडिया और जवाबदेही के महत्व से भी अवगत कराया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता, अनुशासन, टीम वर्क और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करते हैं। साथ ही वे भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार और लोकतांत्रिक मूल्यों को समझने वाले नागरिक बनते हैं। पूरे आयोजन को सफल बनाने में संस्था की प्राचार्य कामना राजपूत, अनुराग सूर्यवंशी, नितिन रामकुचे और मनीष जाटव का विशेष योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने सभी निर्वाचित प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं देते हुए उनसे विद्यालय के विकास और विद्यार्थियों के हित में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की।





