जर्जर यात्री प्रतीक्षालय बना खतरा, नए भवन की मांग तेज

अनोखा तीर, मसनगांव। ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों को धूप, बारिश और सर्दी से राहत देने के उद्देश्य से वर्षों पहले ग्राम पंचायत द्वारा सिराली मार्ग तिराहे पर निर्मित यात्री प्रतीक्षालय आज बदहाली का शिकार है। रखरखाव के अभाव में यह भवन जर्जर होकर खंडहर में तब्दील हो गया है। दीवारें और छत क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं, जबकि परिसर में गंदगी और अव्यवस्था का आलम है। इससे यात्रियों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। यह यात्री प्रतीक्षालय ग्राम के सबसे व्यस्त तिराहे पर स्थित है, जहां से प्रतिदिन हरदा, खंडवा, नर्मदापुरम, इंदौर, खातेगांव, सिराली सहित कई शहरों और कस्बों के लिए बसों का संचालन होता है। बड़ी संख्या में छात्र, कर्मचारी, व्यापारी, किसान और ग्रामीण यहां से रोजाना आवागमन करते हैं। पहले यात्री बसों का इंतजार इसी प्रतीक्षालय में बैठकर करते थे, लेकिन अब इसकी जर्जर स्थिति के कारण लोग यहां रुकने से भी बचते हैं। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ वर्ष पहले प्रतीक्षालय के आसपास अतिक्रमण होने के बाद इसकी उपयोगिता लगातार घटती चली गई। अतिक्रमण और रखरखाव की कमी के चलते यहां बैठने वाले यात्रियों की संख्या लगभग समाप्त हो गई है। अब बस का इंतजार करने वाले लोग आसपास की चाय-पान की दुकानों और गुमटियों का सहारा लेने को मजबूर हैं। बरसात और तेज धूप के दौरान यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है।
आंचल कक्ष भी नहीं आ रहा काम
महिलाओं और छोटे बच्चों की सुविधा के लिए प्रशासन द्वारा प्रतीक्षालय परिसर में आंचल कक्ष का निर्माण कराया गया था, ताकि महिलाएं सुरक्षित वातावरण में शिशुओं को दूध पिला सकें और कुछ समय विश्राम कर सकें। लेकिन देखरेख के अभाव में यह कक्ष भी अपनी उपयोगिता खो चुका है और असामाजिक तत्वों का अड्डा बन गया है, जिससे महिलाएं इसका उपयोग करने से कतराती हैं। ग्रामीणों ने जर्जर यात्री प्रतीक्षालय को तोड़कर नया भवन बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि वर्षों से मांग के बावजूद इस दिशा में कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीण अजय पाटिल, रामकृष्ण पाटिल, ओम बामने एवं लखन पाटिल ने बताया कि ग्राम से प्रतिदिन सैकड़ों यात्री आवागमन करते हैं। ऐसे में सुरक्षित और सुविधायुक्त यात्री प्रतीक्षालय का निर्माण कराया जाना आवश्यक है, ताकि ग्राम सहित आसपास के ग्रामीणों को भी इसका लाभ मिल सके।

0 Views

Leave a Reply