अनोखा तीर, मसनगांव। क्षेत्र में विद्युत वितरण व्यवस्था लगातार बदहाल होती जा रही है। बार-बार आने वाले फॉल्ट और घंटों बिजली कटौती से ग्रामीणों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। शुक्रवार रात करीब 10 बजे कांकरिया सब स्टेशन से मसनगांव को आपूर्ति करने वाली 11 केवी लाइन में तकनीकी फॉल्ट आने से पूरे गांव की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। फॉल्ट के कारण पूरी रात गांव अंधेरे में डूबा रहा और शनिवार सुबह तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। सुबह विद्युत वितरण कंपनी के कर्मचारियों ने लाइन का फॉल्ट सुधारने का कार्य शुरू किया। मरम्मत के बाद बिजली आपूर्ति शुरू हुई, लेकिन दिनभर रुक-रुककर बिजली आती-जाती रही। इससे घरों में पेयजल संकट गहरा गया, क्योंकि बिजली नहीं होने से अधिकांश घरों में मोटर नहीं चल सकीं। वहीं आटा चक्कियां, वेल्डिंग की दुकानें, इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की मरम्मत सहित अन्य छोटे व्यवसाय भी प्रभावित रहे। दोपहर करीब 11 बजे स्कूल के पीछे केबल वायर बदलने के लिए करीब दो घंटे तक फिर बिजली बंद रखी गई। इसके बाद कुछ समय के लिए बिजली आई, लेकिन थोड़ी देर बाद दोबारा आपूर्ति बाधित हो गई। लगातार बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीण अरविंद भायरे एवं सोनू पटेल ने बताया कि विद्युत वितरण कंपनी मेंटेनेंस के नाम पर घंटों बिजली बंद रखती है, लेकिन व्यवस्था में स्थायी सुधार नहीं हो रहा। उपभोक्ताओं से हर माह हजारों रुपये के बिजली बिल वसूले जा रहे हैं, जबकि नियमित और गुणवत्तापूर्ण बिजली नहीं मिल रही। उनका कहना है कि घरों में स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद भी बिजली कटौती की समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने मांग की है कि मसनगांव क्षेत्र की जर्जर विद्युत व्यवस्था में शीघ्र सुधार किया जाए तथा बार-बार आने वाले फॉल्ट का स्थायी समाधान कर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
11 केवी लाइन में फॉल्ट से पूरी रात गुल रही बिजली, दिनभर कटौती से लोग परेशान

0 Views




