अनोखा तीर, हरदा। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत खरीफ 2026 की अधिसूचित फसलों का बीमा कराने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 17 अगस्त कर दी गई है। कृषि विभाग ने जिले के किसानों से समय सीमा के भीतर फसल बीमा कराने की अपील की है। जिले में खरीफ 2026 के लिए जिला स्तर पर मूंग तथा पटवार स्तर पर सोयाबीन, मक्का, धान (सिंचित) एवं धान (असिंचित) अधिसूचित फसलें हैं। किसानों द्वारा देय प्रीमियम प्रति हेक्टेयर इस प्रकार निर्धारित किया गया है। मूंग 618 रुपये, सोयाबीन 766 रुपये, मक्का 694 रुपये, धान (सिंचित) 946 रुपये तथा धान (असिंचित) 652 रुपये। अऋणी एवं कालातीत कृषक कॉमन सर्विस सेंटर या बैंक के माध्यम से आवश्यक दस्तावेज जमा कर फसल बीमा करा सकते हैं। इसके लिए ऋण पुस्तिका, बैंक पासबुक और आधार कार्ड आवश्यक होंगे। बटाईदार किसानों को खोटनामा, ऋण पुस्तिका, बैंक पासबुक, आधार कार्ड तथा कृषि भूमि स्वामी का आधार कार्ड भी प्रस्तुत करना होगा। फसल बीमा योजना से संबंधित अधिक जानकारी के लिए किसान भारत सरकार के कृषि रक्षक पोर्टल के हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं।
17 अगस्त तक करा सकेंगे खरीफ फसलों का बीमा

0 Views




