-शिक्षकों से कहा… होमवर्क की बारीकी से जांचें, पढ़ाई की गुणवत्ता पर दें विशेष ध्यान
अनोखा तीर, हरदा। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने शुक्रवार को टिमरनी विकासखंड के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं एक उचित मूल्य दुकान का निरीक्षण कर शिक्षण व्यवस्था, मूलभूत सुविधाओं और विद्यार्थियों की शैक्षणिक गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के होमवर्क की बारीकी से जांच करें, ताकि अध्ययन में शुद्धता बनी रहे और विषयों की बेहतर समझ विकसित हो। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने हाई स्कूल पानतलाई का भ्रमण कर विद्यालय परिसर, कक्षाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। उन्होंने विद्यालय के शौचालय की मरम्मत कराने, पेयजल की स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा विद्यार्थियों की नियमित एवं संतोषजनक उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला दूधकच्छ में कलेक्टर ने प्रकाश व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विद्या आसन अभियान के तहत डेस्क उपलब्ध कराए जाएं, जिससे उन्हें बेहतर अध्ययन वातावरण मिल सके। मिडिल स्कूल निमाचा कलां के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने ब्लैकबोर्ड पर नया पेंट कराने, विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था सुदृढ़ रखने तथा मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने पीएम श्री शासकीय कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल, टिमरनी का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की तथा स्मार्ट क्लासों के संचालन और उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी ली। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने ग्राम पानतलाई की उचित मूल्य दुकान का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राशन वितरण व्यवस्था, स्टॉक एवं अभिलेखों का निरीक्षण किया तथा पात्र उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम टिमरनी शैलेंद्र बडोनिया, जिला शिक्षा अधिकारी देवेंद्र सिंह रघुवंशी, डीपीसी गरिमा टोप्पो सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





