अनोखा तीर, हरदा। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में शुक्रवार को जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अंजलि जोसेफ जोनाथन की अध्यक्षता में जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, व्यक्तिगत शौचालय, वॉश ऑन व्हील तथा संस्थानों में पानी की टंकियों की सफाई की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ अंजलि जोसेफ जोनाथन ने धार्मिक एवं ऐतिहासिक नगरी हंडिया को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए सभी जिला अधिकारियों से सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि अधिकारी जब भी शासकीय या निजी कार्य से हंडिया जाएं, तो दुकानों पर पॉलीथीन के उपयोग की जांच करें। यदि कोई पॉलीथीन का उपयोग करता मिले तो उसे जागरूक कर कपड़े के थैले के उपयोग के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि सभी के संयुक्त प्रयास से ही हंडिया को प्लास्टिक मुक्त बनाया जा सकता है। बैठक में बताया गया कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं प्रदूषण से बचाव के लिए ग्राम पंचायतों द्वारा ठोस कचरा प्रबंधन की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। प्रथम चरण में जिले की 18 ग्राम पंचायतों में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण के लिए कचरा वाहनों की व्यवस्था की गई है। जनपद पंचायत हरदा की हंडिया, मगरधा, डगावाशंकर, गहाल, सोनतलाई और बैड़ी, जनपद पंचायत खिरकिया की पोखरनी, मांदला, मोरगढ़ी, सांगवामाल, रहटाकलां, जिनवानिया और चारूआ तथा जनपद पंचायत टिमरनी की रहटगांव, छीपानेर, छिदगांवमेल, बिच्छापुर, तजपुरा, धौलपुरकलां और बाजनिया ग्राम पंचायतों का चयन किया गया है। सीईओ ने निर्देश दिए कि अगले चरण में शेष ग्राम पंचायतों को भी योजना में शामिल कर जिले की सभी ग्राम पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की व्यवस्था की जाए। इसके लिए माइकिंग, डोंडी, सूचना बोर्ड, दीवार लेखन तथा सूखे और गीले कचरे के लिए दो डस्टबिन उपलब्ध कराकर ग्रामीणों को जागरूक किया जाए। बैठक में कार्यपालन यंत्री लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी बी.आर. उइके, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी डी.एस. रघुवंशी, जिला कार्यक्रम अधिकारी विवेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला जल एवं स्वच्छता समिति की बैठक में हंडिया को प्लास्टिक मुक्त बनाने पर जोर

0 Views




