नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान का समापन, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील

-शौक और गलत संगत युवाओं को नशे की ओर ले जाती है : एसपी
अनोखा तीर, हरदा। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में 15 से 30 जुलाई तक चलाए गए नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0 अभियान का शुक्रवार को हरदा में गरिमामय समापन हुआ। स्थानीय लाल बहादुर शास्त्री (एलबीएस) महाविद्यालय में आयोजित समारोह में पुलिस अधिकारियों ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा समाज को जागरूक बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक शशांक ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया गया। समारोह में अभियान के दौरान जिलेभर में विद्यालयों, महाविद्यालयों, गांवों, सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों पर आयोजित रैलियों, नुक्कड़ नाटकों, शपथ कार्यक्रमों, संवाद और जनजागरूकता गतिविधियों की प्रस्तुति भी दी गई। अपने संबोधन में पुलिस अधीक्षक शशांक ने कहा कि अधिकांश युवा जिज्ञासा, शौक या गलत संगत के कारण नशे की शुरुआत करते हैं, जो धीरे-धीरे गंभीर लत का रूप ले लेती है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति को आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से कमजोर बनाता है तथा कई बार अपराध की राह पर भी धकेल देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं नशे से दूर रहने और अपने मित्रों, परिवार तथा समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने कहा कि अभियान में सामाजिक न्याय विभाग, विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं, शैक्षणिक संस्थानों एवं समाजसेवी संगठनों का सराहनीय सहयोग मिला। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्तिगत समस्या नहीं, बल्कि पूरे समाज के लिए गंभीर चुनौती है। इसके उन्मूलन के लिए हर नागरिक की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने नशे के आदी लोगों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उनके पुनर्वास पर भी जोर दिया। समारोह में अभियान के तहत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। सामाजिक न्याय विभाग, ब्रह्माकुमारी संस्थान, हार्टफुलनेस संस्थान तथा अभियान में सहयोग देने वाले अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों को भी सम्मानित किया गया। अभियान को सफल बनाने में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा, एसडीओपी हरदा शालिनी परस्ते, एसडीओपी टिमरनी आकांक्षा तलैया, डीएसपी महिला सेल अरुणा सिंह, रक्षित निरीक्षक रजनी गुर्जर, कोतवाली थाना प्रभारी रोशनलाल भारती, सिविल लाइन थाना प्रभारी रामसुमेर तिवारी सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। एलबीएस महाविद्यालय के वाइस प्रिंसिपल संजय भार्गव, ब्रह्मकुमारी संस्थान की दीदी किरण, हार्टफुलनेस संस्थान के डॉ. राजेश पटले, सामाजिक न्याय विभाग की सुरेन्द्र कौर तथा अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। अंत में सभी ने नशामुक्त समाज के निर्माण और जनजागरूकता अभियान को निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

0 Views

Leave a Reply