मूंग खरीदी में वादा खिलाफी का आरोप

-तीन क्विंटल प्रति एकड़ खरीदी नहीं हुई तो भोपाल में आंदोलन की चेतावनी
अनोखा तीर, हरदा। संयुक्त किसान मोर्चा के तत्वावधान में किसान क्रांति पदयात्रा आंदोलन के दौरान सरकार द्वारा किए गए वादे पूरे नहीं होने का आरोप लगाते हुए किसान संगठनों ने नाराजगी जताई है। किसान आक्रोश मोर्चा हरदा ने कहा कि आंदोलन के दौरान सरकार ने किसानों से तीन क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से मूंग खरीदी का आश्वासन दिया था, लेकिन वर्तमान में निर्धारित मात्रा से कम खरीदी की जा रही है और उसी के अनुसार बिल बनाए जा रहे हैं। इसे किसानों के साथ वादा खिलाफी बताया गया है। मोर्चा का कहना है कि किसान क्रांति पदयात्रा आंदोलन के दौरान 20 से अधिक किसान संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में हरदा, नर्मदापुरम सहित संबंधित जिलों में किसानों से तीन क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से मूंग खरीदी करने पर सहमति बनी थी। इसके बावजूद जमीनी स्तर पर इस निर्णय का पालन नहीं हो रहा है, जिससे किसानों में आक्रोश है। किसान संगठनों ने मुख्यमंत्री द्वारा गठित मंत्रिमंडल समिति से मांग की है कि सरकार तत्काल स्पष्ट आदेश जारी कर तीन क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से मूंग खरीदी सुनिश्चित कराए। उनका कहना है कि यदि सरकार अपने ही निर्णयों का पालन नहीं कराएगी तो किसानों का शासन पर से विश्वास उठ जाएगा। मोर्चा ने यह भी कहा कि कृषि मंत्री कंसाना ने भी प्रेस वार्ता में हरदा और नर्मदापुरम जिलों में तीन क्विंटल प्रति एकड़ के हिसाब से मूंग खरीदी की घोषणा की थी। ऐसे में निर्धारित मात्रा से कम खरीदी किसानों के साथ अन्याय है। किसान आक्रोश मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने शीघ्र हस्तक्षेप कर किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया और तीन क्विंटल प्रति एकड़ के अनुसार खरीदी सुनिश्चित नहीं की, तो प्रदेश के किसान संगठन एकजुट होकर भोपाल में बड़ा आंदोलन करेंगे और लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराएंगे। प्रेस नोट जारी करने वालों में आशीष राजपूत, शैलेंद्र वर्मा, सुनील सिंह राजपूत, आनंद कालीराना, अनिल पंचोली, मनोज गोदारा, शोभित राजपूत एवं लखन पटेल शामिल रहे।

0 Views

Leave a Reply