भगवान देवनारायण की जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी के लिए 125 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना

अनोखा तीर, हरदा। गुर्जर समाज का 125 श्रद्धालुओं का जत्था शुक्रवार सुबह भगवान देवनारायण की जन्मस्थली मालासेरी डूंगरी (राजस्थान) के लिए रवाना हुआ। यात्रा की शुरुआत गुर्जर छात्रावास भवन, हरदा से हुई। श्रद्धालु क्षेत्र की खुशहाली, शांति एवं अच्छी बारिश की कामना के साथ इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए। यात्रा को गुर्जर समाज के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण दुगाया, विधायक डॉ. आर.के. दोगने एवं वरिष्ठ समाजसेवी चुन्नीलाल रायखेरे ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर समाज के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। समाजसेवी एडवोकेट अशोक गुर्जर ने बताया कि यात्रा में 125 श्रद्धालु शामिल हैं। लगभग 650 किलोमीटर लंबी इस यात्रा में सभी श्रद्धालु सामूहिक रूप से भगवान देवनारायण के दर्शन के लिए जा रहे हैं। यात्रा के पहले दिन श्रद्धालु मंदसौर पहुंचकर भगवान पशुपतिनाथ के दर्शन करेंगे। रात्रि विश्राम के बाद शनिवार सुबह वहां से राजस्थान स्थित मालासेरी डूंगरी के लिए प्रस्थान करेंगे। भगवान देवनारायण गुर्जर समाज के कुलदेवता माने जाते हैं। श्रद्धालु क्षेत्र में सुख-समृद्धि, शांति एवं अच्छी बारिश की कामना के साथ इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए हैं। राजस्थान के लिए रवाना होने से पहले सभी श्रद्धालुओं ने हंडिया स्थित गुर्जर रेवा आश्रम पहुंचकर भगवान देवनारायण एवं मां नर्मदा के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके बाद विधिवत यात्रा का शुभारंभ किया गया।

0 Views

Leave a Reply