पीएटी परीक्षा में मानवेंद्र सिंह को 421वीं रैंक, महर्षि ज्ञानपीठ में हुआ सम्मान

अनोखा तीर, हरदा। महर्षि ज्ञानपीठ उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के नियमित छात्र मानवेंद्र सिंह ने प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट (पी.ए.टी.) परीक्षा उत्तीर्ण कर 421वीं रैंक प्राप्त कर विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। मानवेंद्र अब खुरई स्थित अटल बिहारी वाजपेयी कॉलेज ऑफ एग्रीकल्चर में प्रवेश लेंगे, जो जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर से संबद्ध है। उन्होंने फ्री सीट पर अपना स्थान भी सुरक्षित किया है। इस उपलब्धि पर विद्यालय में मानवेंद्र का स्वागत एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने उन्हें पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा मिठाई वितरित की। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थी एवं स्टाफ मौजूद रहे। इस अवसर पर मानवेंद्र सिंह ने कक्षा 11वीं एवं 12वीं कृषि संकाय के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि महर्षि ज्ञानपीठ की फैकल्टी उत्कृष्ट है। उन्होंने बताया कि कक्षा 10वीं में उनके 50 प्रतिशत अंक थे, लेकिन शिक्षकों के मार्गदर्शन और नियमित अध्ययन से उन्होंने 12वीं में 76 प्रतिशत अंक प्राप्त किए तथा पी.ए.टी. परीक्षा में 421वीं रैंक हासिल की। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि वे शिक्षकों के निर्देशों का पालन करते हुए मन लगाकर पढ़ाई करें, तो बिना बड़े शहर जाए भी सफलता प्राप्त की जा सकती है। मानवेंद्र के पिता जगदीश राजपूत ने संस्था के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय ने उनके पुत्र को प्रतियोगी परीक्षा में सफलता दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संस्था के संचालक दीपक सिंह राजपूत ने कहा कि विद्यालय में अनुभवी एवं योग्य फैकल्टी विद्यार्थियों को उच्च स्तर की शिक्षा प्रदान कर रही है। नियमित अध्ययन और शिक्षकों के मार्गदर्शन से विद्यार्थी बड़ी सफलताएं प्राप्त कर सकते हैं। विषय शिक्षक महेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि विद्यार्थियों का मजबूत आधार तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। यदि विद्यार्थी एकाग्रता और अनुशासन के साथ अध्ययन करें, तो प्रत्येक छात्र सफलता प्राप्त कर सकता है। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मानवेंद्र की सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

0 Views

Leave a Reply