तबादला हुआ, लेकिन रिलीव नहीं!

-डेढ़ महीने से कलेक्ट्रेट के चक्कर काट रहे 14 पटवारी
अनोखा तीर, हरदा। प्रदेश सरकार की स्थानांतरण नीति के तहत दूसरे जिलों में भेजे गए हरदा जिले के 17 पटवारियों में से अब तक केवल 3 को ही भारमुक्त किया गया है। बाकी 14 पटवारी डेढ़ महीने बाद भी रिलीव होने का इंतजार कर रहे हैं और रोजाना कलेक्ट्रेट व राजस्व कार्यालय के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। शासन के आदेश जारी होने के बावजूद भारमुक्त नहीं किए जाने से ये कर्मचारी नए जिले में जाकर पदभार ग्रहण नहीं कर पा रहे हैं। इससे उनकी नौकरी के साथ-साथ पारिवारिक व्यवस्थाएं भी प्रभावित हो रही हैं। कई पटवारियों का कहना है कि नए जिले में आवास, बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी इंतजाम अधर में लटके हुए हैं। सूत्रों के मुताबिक जिला प्रशासन का तर्क है कि जिले में पहले से ही पटवारियों की कमी है। ऐसे में सभी को एक साथ कार्यमुक्त करने से राजस्व कार्य प्रभावित हो सकते हैं। बताया जा रहा है कि इस संबंध में शासन से मार्गदर्शन मांगा गया है। इधर, प्रभावित पटवारियों का कहना है कि जब सरकार ने तबादला कर दिया है तो समय पर कार्यमुक्त करना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है। अब सवाल यह उठ रहा है कि जब तबादले हो चुके हैं, तो आखिर 14 पटवारियों की रवानगी पर ब्रेक किसने लगा रखा है?

0 Views

Leave a Reply