– ध्वज-निशान चढ़ाकर हुई महाआरती, कड़ाई प्रसाद का हुआ वितरण

अनोखा तीर, सोडलपुर। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को सोडलपुर सहित आसपास के क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। ग्राम स्थित गुरु कान्हा बाबा समाधि स्थल पर सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। हजारों श्रद्धालुओं ने समाधि स्थल पहुंचकर माथा टेका, पूजा-अर्चना की तथा गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। शाम करीब 4 बजे श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से ध्वज-निशान चढ़ाया। इसके बाद महाआरती कर श्रद्धालुओं के बीच कड़ाई प्रसाद का वितरण किया गया। दिनभर समाधि स्थल पर दर्शन, पूजन और प्रसाद चढ़ाने का सिलसिला चलता रहा। गुरु पूर्णिमा के अवसर पर महिलाओं ने सुबह 8 बजे से 24 घंटे की रामसत्ता प्रारंभ की, जिसका समापन गुरुवार सुबह 8 बजे होगा। रामसत्ता के दौरान महिलाओं ने भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण, गुरु कान्हा बाबा, संत सिंगाजी महाराज एवं बाबा रामदेव के भजनों की मधुर प्रस्तुतियां दीं। भजनों से पूरा परिसर भक्तिमय माहौल में सराबोर रहा।





