-25 आदिवासी ग्रामीणों को कुर्की नोटिस, ढोल बजाकर करेंगे वसूली
अनोखा तीर, हरदा। हरदा जिले में बिजली कंपनी ने बकाया बिल जमा नहीं करने पर 25 आदिवासी ग्रामीणों को संपत्ति कुर्क करने का नोटिस जारी किया है। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा में बिल का भुगतान नहीं करने पर ढोल बजाकर संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। यह मामला मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान सामने आया।
घरों में कनेक्शन ही नहीं, दे दिए नोटिस
रहटगांव तहसील की ग्राम पंचायत कपासी अंतर्गत ग्राम जोगीखेड़ा के ग्रामीणों का आरोप है कि उनके घरों में अभी तक बिजली कनेक्शन नहीं हैं, इसके बावजूद विभाग द्वारा बकाया बिल जमा करने के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। पूर्व सरपंच मनोहर पांसे ने बताया कि ग्रामीण स्मार्ट मीटर लगाने की मांग कर रहे हैं, ताकि वे जितनी बिजली का उपयोग करें, उसका बिल जमा कर सकें। उन्होंने बताया कि गांव में घरों के पास बिजली के खंभे नहीं हैं और ग्रामीण दूर से तार खींचकर बिजली का उपयोग कर रहे हैं।
लाइनमैन पर रुपए मांगने का आरोप
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि गांव का लाइनमैन सभी लोगों से एक-एक हजार रुपए जमा कराने के बाद बिजली चालू करने की बात कह रहा है। ग्राम के रामबक्स चौहान ने कहा कि नोटिस में इस्तेमाल की गई भाषा से ऐसा लगता है कि गरीबों का अपमान किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि गांव में पांच रुपये वाले बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। इस मामले में बिजली विभाग के जेई तरुण वर्मा ने बताया कि ग्रामीणों के पास स्थायी बिजली कनेक्शन हैं और बकाया बिल की वसूली के लिए नोटिस जारी किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के नोटिस बकाया बिल या बिजली चोरी के मामलों में ही जारी किए जाते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से जल्द से जल्द बकाया बिल जमा कराने की अपील की है।
बिजली बिल जमा नहीं किया

0 Views
