अनोखा तीर, हरदा। शहर के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित होटल मिश्रा पैलेस में मंगलवार सुबह एक सब इंजीनियर का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। होटल के बाथरूम में गौरव दुबे 54, निवासी इंद्रपुरी, भोपाल का शव अर्धनग्न अवस्था में पाया गया। पुलिस को सूचना मिलने पर वह तत्काल मौके पर पहुंची। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि उनकी मौत हार्ट फेल होने से हुई होगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। कोतवाली थाना टीआई रोशनलाल भारती ने बताया कि मृत गौरव दुबे हरदा जनपद में मनरेगा के तहत संविदा सब इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। वह पिछले लगभग 15 वर्षों से मिश्रा पैलेस होटल में रह रहे थे, जबकि उनकी पत्नी और बच्चे भोपाल में रहते हैं। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने के बाद ही शव का पोस्टमार्टम किया जाएगा। टीआई भारती के अनुसार, गौरव के साथी कर्मचारी और परिजन सोमवार से ही उन्हें लगातार फोन कर रहे थे, लेकिन वह मोबाइल रिसीव नहीं कर रहे थे। मंगलवार सुबह जब ऑफिस के कर्मचारियों ने फिर फोन किया और कोई जवाब नहीं मिला, तो उन्होंने होटल के कमरे को देखा। कमरा अंदर से बंद था और फोन की घंटी बज रही थी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां गौरव दुबे बाथरूम के अंदर मृत अवस्था में मिले। बताया जा रहा है कि गौरव दुबे ने सोमवार सुबह सवा ग्यारह बजे तक व्हाट्सएप पर मैसेज देखे थे। आशंका है कि इसके बाद वह नहाने गए होंगे और उसी दौरान उनकी मौत हो गई। टीआई भारती ने स्पष्ट किया कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। मृतक के परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा और एक बेटी हैं।
होटल में संदिग्ध परिस्थिति में मिला सब इंजीनियर का शव

0 Views
