Skip to content
Monday, 19 October 2026
हरदा

आपदा मित्रों को सिखाए आग से बचाव और राहत के तरीके, फायर मॉकड्रिल आयोजित

2 min read
12 2 5
Text Size:

अनोखा तीर, हरदा। मध्य प्रदेश आपदा प्रबंधन प्राधिकरण एवं गृह विभाग के निर्देशानुसार शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज हरदा में आपदा मित्र योजना के तहत सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। 16 से 23 अक्टूबर तक चलने वाले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के तीसरे दिन रविवार को फायर मॉकड्रिल के माध्यम से 165 युवा आपदा मित्र स्वयंसेवकों को आग से बचाव एवं राहत-बचाव कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान स्वयंसेवकों को भवन में आग लगने और लोगों के अंदर फंसने की स्थिति में उन्हें सुरक्षित बाहर निकालने, आग पर काबू पाने, घायलों को सुरक्षित स्थान तक पहुंचाने तथा प्राथमिक उपचार देने के तरीके बताए गए। साथ ही आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने का अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षण में आग, भूकंप, बाढ़, सर्पदंश, आकाशीय बिजली एवं हवाई हमले जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा खोज एवं बचाव कार्य, ड्रोन हमले के दौरान सुरक्षा, आपदा प्रबंधन उपकरणों के उपयोग और आपदा के समय आवश्यक सावधानियों के बारे में भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस अवसर पर कंपनी कमांडर संजय गौर एवं जेएल कोठारी तथा प्लाटून कमांडर रक्षा राजपूत ने विभिन्न विषयों पर जानकारी देते हुए आपदा के समय सतर्कता, सूझबूझ और आपसी समन्वय के महत्व को समझाया। प्रशिक्षण का उद्देश्य युवाओं को आपदा के समय प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य करने के लिए तैयार करना है।

0 Views
What do you think?

Leave a Reply